{"_id":"654912821a726133ef0238b6","slug":"spu-exam-results-of-thousands-of-students-stopped-due-to-lack-of-internal-assessment-2023-11-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"SPU Mandi: इंटरनल असेसमेंट नहीं आने से रुका हजारों विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
SPU Mandi: इंटरनल असेसमेंट नहीं आने से रुका हजारों विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम
Tue, 07 Nov 2023 11:07 AM IST
Krishan Singh
त्रिपुरारी सांख्यान, संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी
त्रिपुरारी सांख्यान, संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 07 Nov 2023 11:07 AM IST
सार
एसपीयू की ओर से अधीन आने वाले सभी कॉलेजों को बार-बार पत्र लिखकर यह आग्रह किया जा रहा है कि वह जल्द से जल्द छात्रों की इंटरनल असेसमेंट भेजें ताकि उनका परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके।
विज्ञापन
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी।
- फोटो : संवाद
विस्तार
इंटरनल असेसमेंट के चलते बीए पहले साल के हजारों विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम लटक गया है। हालांकि इससे पहले सरदार पटेल विवि मंडी ने 18 अक्तूबर को बीए प्रथम वर्ष का आधा अधूरा परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। कॉलेजों से इंटरनल असेसमेंट नहीं आने से छात्र संगठनों और अभिभावकों ने इस पर आपत्ति जताई थी कि बिना इंटरनल असेसमेंट के शीर्ष स्थान घोषित नहीं किए जा सकते हैं। ऐसे में अब एसपीयू ने अधिसूचना जारी की है कि वह जल्द ही इंटरनल असेसमेंट आने के बाद बीए के बचे हुए छात्र छात्राओं का परीक्षा परिणाम घोषित करेगा और शीर्ष स्थानों में भी बदलाव होगा।
विज्ञापन
लंबे समय से परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से हजारों विद्यार्थी परेशान हैं। उधर, एसपीयू की ओर से अधीन आने वाले सभी कॉलेजों को बार-बार पत्र लिखकर यह आग्रह किया जा रहा है कि वह जल्द से जल्द छात्रों की इंटरनल असेसमेंट भेजें ताकि उनका परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके। इस बारे में एसपीयू के परीक्षा नियंत्रक ई. सुनील वर्मा ने कहा कि अभी कुछ छात्रों का परिणाम नहीं आया है। संबंधित कॉलेजो से आंतरिक मूल्यांकन अंक प्राप्त न होने के कारण यह घोषित नहीं किया गया। अब इंटरनल असेसमेंट मिलने के बाद रिजल्ट घोषित किया जाएगा। इसके चलते शीर्ष पदों पर कुछ बदलाव हो सकता है। मेरिट में अंतिम शीर्ष स्थान एसपीयू की ओर से घोषित किए जाएंगे।
विज्ञापन
एबीवीपी ने दी आंदोलन की चेतावनी
छात्र संगठन एबीवीपी भी विवि से आग्रह कर रहा है कि रिजल्ट को घोषित किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को राहत मिल सके। कार्यकर्ता ज्ञापनों के माध्यम से भी कई बार इस बारे प्रबंधन से मांग कर चुके हैं। अब छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द रिजल्ट नहीं आया तो वह आंदोलन शुरू कर देंगे। एबीवीपी जिला संयोजक चिराग ने कहा कि एसपीयू से आग्रह है कि जल्द से जल्द रिजल्ट को घोषित करे नहीं तो आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन
इन कॉलेजों में रुकी है इंटरनल असेसमेंट
अभी तक एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर, लंबाथाच, मंडी वल्लभ महाविद्यालय, करसोग कॉलेज, गोहर के बासा कॉलेज, निहारी, कोटली, शाहपुर, नूरपुर, चंबा नगरोटा बगवां, धर्मशाला कॉलेज, देहरी कॉलेज, ज्वालाजी सहित कई अन्य कॉलेज ने इंटरनल असेसमेंट जमा नहीं करवाई है।