अब यूरोप की तर्ज पर यहां करें शॉपिंग
हर काम के लिए सरकार का मोहताज क्यों रहना। इच्छा शक्ति हो तो क्या मुमकिन नहीं। सोलन के कारोबारियों ने अपने दम पर अपर बाजार को यूरोपियन तर्ज पर बनाने की शुरुआत कर एक नई मिसाल पेश की है।
अतिक्रमण, गंदगी, अव्यवस्था और बाजारी अराजकता जैसी चुनौतियों से खुद निपटकर इन कारोबारियों का इरादा है कि अपर बाजार को मॉडल बाजार में तब्दील कर दिया जाए।
यहां ग्राहकों को वह सभी सुविधा दी जाए जो बड़े-बड़े चमचमाते शॉपिंग मॉल व ऑनलाइन मार्केटिंग में मिलती हैं। अब सभी कारोबारी एकजुट होकर इस मुहिम में शामिल हो गए हैं।
इसके लिए अपर बाजार एसोसिएशन बनाकर फंड जनरेट कर रहे हैं। इसी एकजुटता के कारण नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन से मिलकर बाजार से अतिक्रमण रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाने में सफलता हासिल की।
युवा कारोबारी अक्षय ने की पहल
सोलन के युवा कारोबारी अक्षय वर्मा ने सभी कारोबारियों को एक सूत्र में पिरोकर अपर बाजार को मॉडल बाजार में तबदील करने की पहल की है।
उन्होंने बाजार के कारोबारियों का विश्वास जीतने के लिए बेहतर स्लाइडस और थ्रीडी प्रेजेंटेशन का सहारा लेकर सबको प्रभावित किया। मार्केट के करीब डेढ़ सौ दुकानदार अपने बाजार का कायाकल्प करने में एक हो गए।
अब कई अन्य मार्केट के कारोबारी उनसे संपर्क कर उनका प्रेजेंटेशन देखना चाहते हैं ताकि वह भी अपने बाजार को नया लुक दे सकें।
बाजार को सुंदर बनाने के लिए बेतरतीब फ्लेक्स और बैनर हटाकर इंटरलॉकिंग टाइलों के साथ-साथ सड़क चौड़ी करवाई गई है। कारोबारियों के खुद आगे आने से जिला प्रशासन व नगर परिषद भी उत्साहित है।
एक नजर में बाजार
अपर बाजार सोलन सबसे पुराने बाजारों में शुमार है। यहां एक सुई से लेकर बीस लाख तक के उत्पाद, खुशी से दुख तक के सभी प्रोडक्ट उपलब्ध हैं।
इसके लिए अधिक योगदान कारोबारियों का है, जिसमें पैटर्न पवन गुप्ता, अध्यक्ष गिरिश साहनी, उपाध्यक्ष अक्षय वर्मा, सचिव विवेक सूद, मनीष, अशोक सूरी, कोषाध्यक्ष रोहित, राजन सूद और प्रेस सचिव गिरिश सूरी शामिल हैं।
बाजार को सुंदर बनाने के लिए इंटरलॉकिंग टाइलों को लगाने का काम पूरा हो चुका है। हालांकि इसमें पैसा नप का लगा है, लेकिन ये काम कारोबारियों ने खुद करवाया है।
अब प्रवेश द्वार को खासतौर से तैयार करने के लिए साइनबोर्ड और हेलोजन लाइट्स लगाई जा रही हैं। विदेशी बाजारों की तरह स्पांसर साइनेज के साथ हैंगिंग लाइट्स, सीसीटीवी कैमरा, सभी शटर को एक समान पेंट, एक समान आकार के साइनबोर्ड, दुकानों के आगे आइनिंग तिरपाल या एकरेलिक रूफ आदि लगाने की योजना है।