आखिर हिमाचल पर इतने मेहरबान क्यों हो गए हैं गडकरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी हिमाचल पर आखिर इतने मेहरबान क्यों हो गए हैं? एक महीने में 45 एनएच की घोषणा कर गडकरी ने राज्यवासियों को चौंका दिया है। इससे कांग्रेस शासित इस राज्य में मोदी सरकार ने भाजपा के लिए सकारात्मक चुनावी माहौल बनाने का प्रयास किया है।
हिमाचल से वर्तमान में लोकसभा में चार और राज्यसभा में एक भाजपा सांसद हैं। राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा तो मोदी सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों में हैं। इन घोषणाओं के पीछे इन सभी प्रादेशिक नेताओं का दबाव माना जा रहा है। इनमें भी गडकरी को बार-बार हिमाचल ला रहे जेपी नड्डा की भूमिका ज्यादा मानी जा रही है।
गडकरी अपनी घोषणाओं को पूरा करने की गारंटी भी ये कहकर दे गए हैं कि इनके पूरा होने पर ही वे हिमाचल लौटेंगे। हालांकि, हिमाचल में कांग्रेस सरकार के प्रतिनिधि आभार जताते कह रहे हैं कि ऐसी घोषणाएं पूरे देश में हो रही हैं।
मोदी सरकार के दो साल के कार्यकाल में प्रदेश को 48 नेशनल हाइवे मिले हैं। धर्मशाला से शिमला तक फोरलेन के एलान से भी निचले और ऊपरी हिमाचल के बीच बेहतरीन रोड कनेक्टिवटी को गंभीरता से लिया गया है। हिमाचल में सड़क कनेक्टिविटी बहुत कमजोर है। ऐसे में नितिन गडकरी ने सचमुच हिमाचल की नब्ज पकड़ी है।
छह मई को धर्मशाला में गडकरी ने प्रदेश के लिए 17 नए राष्ट्रीय राजमार्गों को मंजूरी दी थी। बताया था कि केंद्र सरकार ने हिमाचल में 1500 किमी एनएच का लक्ष्य रखा है। करीब 15 हजार करोड़ खर्चे जाएंगे। ठीक एक महीने बाद पांच जून को गडकरी ने सोलन में प्रदेश को 889 किमी के 12 नए एनएच की सौगात दी।
छह जून को हमीरपुर में 15 नए और कांगड़ा में एक नए नेशनल हाइवे की घोषणा की। सोलन में तो सीएम वीरभद्र सिंह के सामने ही नेता प्रतिपक्ष प्रेमकुमार धूमल ने चुटकी ली कि मंत्री इतने एनएच देने के बाद कह रहे हैं कि और क्या चाहिए। इससे ज्यादा अच्छे दिन क्या होंगे।
इन घोषणाओं के बाद भाजपा नेताओं ने इसे विधानसभा चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने के लिए भुनाना शुरू कर दिया है। हिमाचल में अभी लगभग दो हजार किलोमीटर लंबाई के राष्ट्रीय राजमार्ग हैं। ये लंबाई अब 3500 किलोमीटर को पार कर जाएगी।
सांसद बोले, केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि
अगर दो साल की बात करें तो शिमला संसदीय क्षेत्र के लिए 22 नेशनल हाइवे की घोषणा हुई है। छह मई 2016 को 17 में से आठ हाइवे शिमला संसदीय क्षेत्र के लिए ही घोषित किए गए। बाकी पांच जून को सोलन में 12 एनएच का भी इसी निर्वाचन हलके के लिए एलान किया गया।
दो ठियोग-हाटकोटी सड़क और कुमारहट्टी-नाहन सड़क की पहले ही घोषणा हो चुकी है। यह बड़ी उपलब्धि है। अन्य संसदीय क्षेत्रों को भी काफी एनएच मिले हैं। हिमाचल के तमाम सांसदों ने केंद्र सरकार के समक्ष अपना पक्ष ठीक से रखा। यह उसी का असर है। -वीरेंद्र कश्यप, लोकसभा सांसद, शिमला
हिमाचल सरकार एनएच की इन घोषणाओं के लिए आभारी है। ऐसा नहीं है कि इस तरह की घोषणाएं हिमाचल के लिए की गई हैं। ऐसी ही घोषणाएं देश के अन्य राज्यों में भी की जा रही हैं। खुद गडकरी ने इन बातों को माना है। -जीएस बाली, परिवहन मंत्री, हिमाचल सरकार