{"_id":"6108310f43553623663a5031","slug":"schools-reopened-in-himachal-less-than-50-percent-of-the-students-reached-on-the-first-day","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल के स्कूलों में लौटी रौनक, पांव मिलाकर हेलो... तो हाथ जोड़कर की नमस्ते","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल के स्कूलों में लौटी रौनक, पांव मिलाकर हेलो... तो हाथ जोड़कर की नमस्ते
Mon, 02 Aug 2021 11:23 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Mon, 02 Aug 2021 11:23 PM IST
सार
थर्मल स्क्रीनिंग, हैंड सैनिटाइज और फेस मास्क पहनने पर ही विद्यार्थियों को कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। शारीरिक दूरी बनाते हुए विद्यार्थियों को अलग-अलग डेस्क पर बैठाया गया जबकि आने-जाने और लंच का समय भी अलग-अलग रहा।
विज्ञापन
विद्यार्थियों ने पांव मिलाकर हेलो... तो हाथ जोड़कर की नमस्ते
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में कोरोना की वजह से चार महीने से बंद स्कूल सोमवार से विद्यार्थियों के लिए खुल गए हैं। 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षाओं की नियमित पढ़ाई शुरू हो गई है। पहले दिन स्कूलों में 50 फीसदी से भी कम छात्र-छात्राएं पहुंचे। महीनों बाद मिले दोस्तों में से किसी ने पांव मिलाकर हेलो कहा तो किसी ने दोनों हाथ जोड़कर नमस्ते की। कोविड नियमों का सख्ती से पालन करते हुए कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों को गुलाब का फूल देकर कक्षाओं में भेजा गया।
विज्ञापन
थर्मल स्क्रीनिंग, हैंड सैनिटाइज और फेस मास्क पहनने पर ही विद्यार्थियों को कक्षाओं में प्रवेश दिया गया। शारीरिक दूरी बनाते हुए विद्यार्थियों को अलग-अलग डेस्क पर बैठाया गया जबकि आने-जाने और लंच का समय भी अलग-अलग रहा। व्यवस्था जांचने के लिए शिक्षा उपनिदेशकों ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया। खुद शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर शिमला स्थित लालपानी स्कूल पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज होगी।
विज्ञापन
किस जिला में कितने फीसदी विद्यार्थी पहुंचे
शिमला 40
सिरमौर 46
हमीरपुर 65
बिलासपुर 53
कांगड़ा 45
चंबा 25
कुल्लू 44
मंडी 23
सोलन 45
ऊना 41