सस्ता राशन योजना के खाद्य तेल आवंटन में गड़बड़झाला, यहां जानिए पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के साढे़ अठारह लाख परिवारों को राशन डिपो में मिलने वाले सस्ते खाद्य तेल के आवंटन में बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। प्रदेश सरकार की सस्ता राशन योजना के तहत उपभोक्ताओं को एक लीटर की पैकिंग (910 ग्राम) की जगह 800 ग्राम रिफाइंड तेल के पैकेट ही दे दिए।
खास यह है कि 110 ग्राम कम पैकिंग वाले पैकेट के लोगों से एक लीटर के हिसाब से ही 72 रुपये वसूल किए गए। शिकायत मिलने के बाद हिमाचल सरकार ने अब संबंधित कंपनी से रिफाइंड तेल की सप्लाई रोक दी है।
जिन डिपो में यह तेल दिया गया था, उसे भी वापस मंगवा लिया गया है। प्रदेश सरकार ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि पैकिंग के दौरान यह गड़बड़ी हुई। अब तेल की सप्लाई करने वाली कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने और उस पर जुर्माना लगाने की तैयारी है।
उपभोक्ताओं को सब्सिडी पर मिलता है राशन
हिमाचल में सस्ते राशन की दुकानों में बीते महीने से उपभोक्ताओं को तेल नहीं मिल पा रहा था। बताया जा रहा है कि समय पर तेल के टेंडर न होने के कारण ऐसा हुआ। अब जब तेल की सप्लाई आनी शुरू हुई तो इसमें तय मात्रा से कम खाद्य तेल दे दिया गया।
हिमाचल सरकार की ओर से सस्ता राशन योजना के तहत प्रदेश के साढ़े 18 लाख राशनकार्ड धारकों को तीन दालें, दो लीटर तेल (एक सरसों और एक रिफाइंड), चीनी, नमक सब्सिडी पर दिया जाता है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आटा-चावल लोगों को केंद्र सरकार मुहैया करा रही है।
हिमाचल के कुछ डिपो में एक लीटर से कम पैकिंग के खाद्य तेल के पैकेट सप्लाई हुए हैं। निगम ने उन्हें वापस मंगवा लिया है। चूक कहां हुई है, इसकी जांच की जा रही है। कंपनी पर भारी भरकम जुर्माना या फिर ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।- एसएस गुलेरिया, एमडी, खाद्य आपूर्ति निगम