शिक्षकों ने हड़पा रिसोर्स पर्सन का पैसा, अब होगी रिकवरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीएड कॉलेज धर्मशाला के शिक्षकों ने रिसोर्स पर्सन को मिलने वाला पैसा खुद ही हड़प लिया है। सरकारी खजाने को चपत लगाने के लिए ये शिक्षक खुद ही रिसोर्स पर्सन बनकर अपने ही कॉलेज में विशेष लेक्चर देते रहे। साल 2012 से 2015 के दौरान यह गड़बड़ियां हुई हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय में इस बाबत पहुंची शिकायत के बाद मामले पर जांच बैठाकर रिकवरी के आदेश दिए गए हैं। शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने उच्च शिक्षा निदेशक अमरजीत शर्मा को जांच का जिम्मा सौंपा है।
प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में शिक्षा से जुड़े विशेष कार्यक्रमों में व्याख्यान देने के लिए विषय विशेषज्ञों को बुलाया जाता है। इन रिसोर्स पर्सन को प्रति व्याख्यान 700 से एक हजार रुपये दिए जाते हैं।
शिक्षकों से रिकवरी होगी
मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंची शिकायत के अनुसार बीएड कॉलेज धर्मशाला में नियुक्त कुछ स्थायी शिक्षक रिसोर्स पर्सन को मिलने वाले मेहनताने को हड़पने के लिए खुद ही रिसोर्स पर्सन बन गए। नियमों के मुताबिक अपने शिक्षण संस्थान से बाहर जाकर व्याख्यान देने वालों को रिसोर्स पर्सन बनाते हुए पैसा दिया जाता है। अपने ही कॉलेज में शिक्षक रिसोर्स पर्सन नहीं बन सकते हैं।
संबंधित कॉलेज में पढ़ाना तो स्थायी शिक्षक की ड्यूटी होती है। शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने बताया है कि जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि कितने शिक्षकों ने इस तरह के मामलों को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि सरकारी धनराशि हड़पने वाले शिक्षकों से रिकवरी की जाएगी।