शराब ठेके को लेकर बवाल: नठेकेदार पर नकली आबकारी अधिकारी भेजकर ग्रामीणों को डराने का आरोप
बिलासपुर जिले के उपमंडल घुमारवीं के ग्लासी और बड़ू गांव में खुले शराब के ठेके को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के उपमंडल घुमारवीं के ग्लासी और बड़ू गांव में खुले शराब के ठेके को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर आरोप लगाया है कि उसने आंदोलनरत लोगों को डराने के लिए नकली आबकारी अधिकारी भेजा। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएसपी घुमारवीं को लिखित शिकायत सौंपी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 18 दिनों से ठेके के खिलाफ शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं और लगातार मांग कर रहे हैं कि या तो ठेका बंद किया जाए या फिर इसे किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
आरोप है कि वीरवार को ठेकेदार एक ऐसे शख्स को लेकर आया जिसने खुद को शिमला स्थित आबकारी विभाग का अधिकारी बताया। उसने मंदिर और ठेके के बीच दूरी नापने का दिखावा किया और नियमों का उल्लंघन होने की बात कही, लेकिन ठोस कार्रवाई की बात पर टालमटोल करता रहा। ग्रामीणों ने बताया कि उस व्यक्ति ने यहां तक दावा किया कि उसे तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विशेष जांच के लिए भेजा है और वह जल्द ही आईएएस अधिकारी बनने वाला है।
जब ग्रामीणों को शक हुआ और मीडिया प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाया गया तो उसने पत्रकारों को भी धमकाने का प्रयास किया और वीडियो बनाने से मना किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उस व्यक्ति की पहचान कर उसकी असलियत उजागर की जाए और ठेकेदार के साथ-साथ उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.