छह दिन बाद बहाल हुआ रोहतांग दर्रा, फिसलन की वजह से नहीं भेजे वाहन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बर्फबारी से बंद रोहतांग दर्रा छह दिन बाद मंगलवार शाम को बहाल हो गया। हालांकि, फिसलन के खतरे को देखते हुए वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी गई। मंगलवार को दर्रा बहाल होने की उम्मीद लेकर करीब 30 छोटी-बड़ी गाड़ियां कोकसर में सुबह से इंतजार करती रहीं लेकिन शाम को इन्हें केलांग लौटा दिया गया। बुधवार से यहां आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है। उधर, बीआरओ के कमांडर कर्नल उमाशंकर स्वयं जायजा लेने कोकसर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि दर्रा से बर्फ हटाने के लिए तीन दिनों से अभियान चल रहा था। मंगलवार को बीआरओ को मात्र चार किलोमीटर से बर्फ हटानी थी लेकिन सोमवार रात को बर्फीली हवाएं चलने से सड़क पर फिर बर्फ के ढेर लग गए थे। मंगलवार को जवानों को राहनीनाला से नए सिरे से बर्फ हटाने की मुहिम शुरू करनी पड़ी। बचाव चौकी कोकसर के प्रभारी पवन ठाकुर ने बताया कि रोहतांग दर्रा बहाल हो गया है लेकिन फिसलन और तापमान में गिरावट के चलते वाहनों को कोकसर से ही केलांग लौटा दिया है। मौसम साफ रहने की सूरत में बुधवार को वाहनों को यहां से भेजा जाएगा।
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ रहेगा। वीरवार से हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 21 से 23 नवंबर तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। वहीं, केलांग में न्यूनतम तापमान -6.4 डिग्री पहुंच गया है। सूबे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शीत लहर ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।
शिमला शहर में दोपहर बाद हल्के बादल छाने से शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26.2, बिलासपुर में 23.8, सोलन में 23.5, कांगड़ा में 23.4, सुंदरनगर में 23.0, हमीरपुर में 22.9, नाहन में 22.6, भुंतर में 22.1, चंबा में 21.9, शिमला में 18.8, धर्मशाला में 17.6, कल्पा में 15.5, डलहौजी में 10.6 और केलांग में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार रात को मनाली में न्यूनतम तापमान 1.4, कल्पा में 2.0, भुंतर में 3.9, सोलन में 5.6, शिमला में 8.9 और धर्मशाला में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।