सड़क हादसों में पुलिसकर्मी समेत चार की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में हुए अलग अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। पहला हादसा चौपाल-नेरवा मार्ग पर चाड़च में हुआ है। यहां एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा बुधवार रात पेश आया। जानकारी के अनुसार बुधवार रात एक कार चौपाल से धबास की ओर जा रही थी।
चालक के अचानक नियंत्रण खो देने के कारण धबास के समीप चाड़चधार में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार पुत्र मोहर सिंह निवासी शांणग शेईला के रूप में हुई है। राकेश कुमार चौपाल थाना में सिपाही के पद पर एक वर्ष से तैनात था। उसके पिता मोहर सिंह भी सिरमौर के राजगढ़ में निरीक्षक के पद पर तैनात हैं।
यहां टिप्पर की चपेट में आने से युवक की मौत
ऊना के हरोली क्षेत्र के छेत्रां स्थित क्रशर में टिप्पर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कृष्ण गुप्ता निवासी शंभूपुर आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कृष्ण गुप्ता रोजाना की तरह वीरवार को स्टोन क्रशर पर काम के लिए पहुंचा। बुधवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे वह एक टिप्पर को पीछे करवा रहा था।
इसी दौरान वह टिप्पर की चपेट में आ गया। पास खड़े लोगों के चिल्लाने पर स्टोन क्रशर में काम कर रहे अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने कृष्ण को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की सूचना परिजनों को दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है। उधर, डीएसपी हरोली अमित शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
रोहड़ू में दो हादसे, एक की मौत
हाटकोटी-रोहड़ू मार्ग पर वीरवार को दो हादसों में एक की मौत और आठ घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए रोहडू अस्पताल पहुंचाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पहला हादसा वीरवार सुबह करीब दस बजे महेंदली के समीप पेश आया। रोहड़ू की ओर से आ रही तेज रफ्तार जीप ने सामने से आ रही स्कार्पियों को टक्कर मार दी।
हादसे में चालक सहित सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में शिशुपाल, सुरेशा नंद निवासी गुमणा, सालम देवी गांव दोची, सोहन सिंह गांव जगोठी, इंद्र दास गांव अंटी व चालक सलीम निवासी सारी और गुड्डू यादव शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों ने बताया कि चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। महेंदली में सामने से आ रही स्कार्पियो से टैक्सी की जोरदार टक्कर हो गई।
दूसरा हादसा संदौर मोड़ के समीप इसी मार्ग पर पेश आया। यहां बाइक की टिपर के साथ टक्कर हो गई। इससे बाइक चालक सोहन सिंह (37) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि साथ में बैठी महिला गाड गांव की महिला रिंकू घायल हो गई। उसे रोहड़ू अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी कमल किशोर ने दोनों दुर्घटना की पुष्टि की है।
बाइक-स्कूटी की टक्कर में महिला की मौत
कुल्लू जिला मुख्यालय से सटे ज्वाणी रोपा में मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि स्कूटी पर सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक रिंचिन लाम ने सदर थाना में सड़क दुर्घटना को लेकर केस दर्ज करवाया है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह जिया की ओर से सीता और बिमला नामक महिलाओं को स्कूटी पर बैठाकर आ रहा था।
ऐसे में ज्वाणी रोपा के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे मोटरसाइकिल ने उसकी स्कूटी को जोर से टक्कर मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद स्कूटी पर बैठी बिमला नामक महिला छिटक कर दूर जा गिरी। हेड इंजरी होने के चलते उसकी मौत हो गई। हालांकि, उसके जिंदा होने की आस में उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
लेकिन, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।