मकान का डंगा ढहने से तीन मजदूर दबे, एक का शव बरामद
शिमला के रोहड़ू के चिढ़गांव की कुलगांव पंचायत में रविवार शाम एक निजी मकान से सटा डंगा ढह गया। इससे यहां काम में लगे तीन मजदूर मलबे में दब गए। तीन अन्य मजदूरों ने यहां से भागकर जान बचाई।
पुलिस के अनुसार नेपाल मूल के ये छह मजदूर निर्माणाधीन मकान के साथ लगते डंगे के काम में लगे थे। अचानक डंगा भरभराकर तीन मजदूरों पर गिर गया। घटना का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। देर रात करीब साढ़े नौ बजे एक मजदूर का शव मलबे से निकाला गया। वहीं, बाकी दो की तलाश के लिए देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
भारी बारिश ने बढ़ाई मुसीबत
वहीं, भारी बारिश के चलते दोनों की तलाश में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मजदूरों की तलाश की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि शायद कोई मजदूर अभी भी जिंदा बचा हो।
मौके पर पहुंचे एसडीएम रोहड़ू यशपाल वर्मा ने बताया कि डंगे के गिरने की सूचना मिलने के तुरंत बाद ही यहां रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। अभी तक एक मजदूर का शव बरामद किया गया है। हादसा कैसे हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।