सरकारी स्कूलों को दो महीनों में मिलेंगे 1900 नए शिक्षक
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में दो महीनों के भीतर विभिन्न श्रेणियों के 1900 शिक्षकों की भर्ती होगी। शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है। बैचवाइज और कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से शिक्षकों के पद भरे जाएंगे। भर्तियां करने के लिए कर्मचारी चयन आयोग प्रदेश सरकार से डेपुटेशन पर अतिरिक्त स्टाफ भी ले सकता है।
हिमाचल हाईकोर्ट ने सरकारी स्कूलों में रिक्त पडे़ शिक्षकों के सभी पद भरने के आदेश दिए हैं। शिक्षकों के खाली पड़े 1901 पदों में से 1171 टीजीटी पद भरने का मामला कर्मचारी चयन आयोग को भेज दिया गया है। एक्स सर्विस मैन सेल, स्पोर्ट्स सेल और दिव्यांग सेल को 234 पदों को भरने के लिए कहा गया है। 496 पदों को बैचवाइज भरने के लिए काउंसलिंग पूरी कर ली है।
कुछ ही दिनों में नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। इसके अलावा 671 जेबीटी, 835 टीजीटी, 375 शास्त्री और 396 पद भाषा अध्यापकों के भरने की केबिनेट से मंजूरी मिल गई है। इनकी चयन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। प्रदेश हाईकोर्ट शिक्षकों की भर्ती की लगातार मानीटरिंग कर रहा है।
हाईकोर्ट ने सचिव लोकसेवा आयोग को स्पष्ट करने को कहा है कि जो उन्हें शिक्षा विभाग की ओर से प्रवक्ताओं के पदों संबंधी मांग भेजी गई है, उनके चयन बाबत कितने दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
कर्मचारी चयन आयोग से भी शपथपत्र के माध्यम से पूछा गया है कि कितने समय के भीतर शिक्षकों के पद भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। मामले पर आगामी सुनवाई 10 जनवरी को होगी।