छात्रवृत्ति हड़पने वाले निजी शिक्षण संस्थानों से होगी रिकवरी, कमेटी गठित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छात्रवृत्ति हड़पने वाले निजी शिक्षण संस्थानों पर सरकार कार्रवाई करने की तैयारी में है। केंद्र और राज्य सरकार की पोस्ट मैट्रिक एससी/एसटी/ओबीसी/ईबीसी छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत दी जाने वाले छात्रवृत्ति राशि में गोलमाल करने वाले निजी उच्च शिक्षण संस्थानों से रिकवरी की जाएगी।
उच्च शिक्षा निदेशालय ने 15 दिनों के भीतर सरकारी धनराशि की रिकवरी के लिए कमेटी गठित कर दी है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया है कि डिफाल्टरों से ब्याज सहित रिकवरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कुछ निजी विश्वविद्यालय अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति को स्वयं ले रहे हैं। विद्यार्थियों को प्रवेश देते समय ही इन छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन किया जा रहा है।
छात्रवृत्ति राशि बैंक खाते में आते ही निजी संस्थान इस पैसे को विद्यार्थियों के माध्यम से निकलवा कर स्वयं ले रहे हैं। विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश न देने की धमकी देते हुए इस तरह के कारनामे किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि निदेशक चिकित्सा शिक्षा, निदेशक तकनीकी शिक्षा, निदेशक दंत चिकित्सा, सचिव निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग, रजिस्ट्रार हिमाचल विश्वविद्यालय, रजिस्ट्रार
कृषि विश्वविद्यालय, रजिस्ट्रार तकनीकी विश्वविद्यालय, सभी निजी विश्वविद्यालयों सहित शिक्षा जिला उपनिदेशकों को अपने स्तर पर भी इन मामलों की जांच करने को कहा गया है।
ऐसे गोलमाल कर रहे हैं निजी विश्वविद्यालय
- छात्रों को ब्लैकमेल कर उनके बैंक अकाउंट प्रयोग किए जा रहे हैं। छात्रों के एटीएम कार्ड, चेक बुक और पास बुक संस्थान अपने पास रख रहे हैं।
- शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों को दिए जाने वाले मेनटेंनस फंड का भी संस्थान खुद प्रयोग कर रहे हैं।
- एससी/एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों को निशुल्क शिक्षा देने का वादा कर कुछ संस्थान प्रवेश दे रहे हैं। कुछ समय बाद पेपर में न बैठने देने की बात कहते हुए ब्लैकमेल कर फीस जमा करवाने को कहा जा रहा है।
- कुछ छात्रों और संस्थानों की मिलीभगत से अन्य संस्थानों में छात्र प्रवेश लेकर कई जगह छात्रवृत्ति राशि ले रहे हैं।
धोखाधड़ी की यहां करें शिकायत
- उच्च शिक्षा निदेशालय : 0177-2656621
- छात्रवृत्ति शाखा : 0177-2653575
- डीडीओ छात्रवृत्ति : 94184-63744
- अधीक्षक छात्रवृत्ति : 98160-04690
- ई मेल : dhe-sml-hp@gov.in और hpepass2013@gmail.com
चार जुलाई को शिक्षा सचिव ने बैठाई थी जांच
शिमला। निजी विश्वविद्यालयों के इस कारनामे की कुछ जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा सचिव से शिकायत की थी। शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने चार जुलाई को इस मामले में जांच बैठाई थी। इसी कड़ी में सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी निजी विश्वविद्यालयों की कार्यप्रणाली को जांचने के आदेश दिए थे।