सावधान! महामहिम पधार रहे हैं, शहर की इन सड़कों पर जरा संभलकर निकलें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शिमला दौरे के मद्देनजर (20 से 25 मई) रविवार को शहर में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। शिमला पुलिस ने लोगों से रविवार शाम छह से दस बजे के बीच छराबड़ा-ढली-संजौली चौक-नवबहार-राजभवन सड़क पर वाहन लेकर आने से बचने की हिदायत दी है।
इस दौरान आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है। छराबड़ा से ढली तक सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग- 05 के अधीन है। यह सड़क राजधानी शिमला को समूचे ऊपरी शिमला से जोड़ती है। ढली- नवबहार सड़क संजौली से होकर गुजरती है।
इन दोनों ही सड़कों पर दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है। इन सड़कों पर ट्रैफिक बंद होने की स्थिति में स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उधर समर टूरिस्ट सीजन के चलते इन दिनों बड़ी संख्या में सैलानी भी शहर में हैं।
अधिकतर सैलानी साइटसीन के लिए शिमला से कुफरी का रुख करते हैं। रविवार को शाम छह से दस बजे के बीच इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से सैलानियों को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
22 को अनाडेल कैनेडी चौक से एडवांस स्टडी चौक तक प्रभावित रहेगी आवाजाही- उधर, मंगलवार दोपहर 3.30 से 6.30 बजे के बीच अनाडेल-कैनेडी चौक से एडवांस स्टडी चौक, बालूगंज से चौड़ा मैदान और रेलवे स्टेशन से चौड़ा मैदान सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है।
शिमला पुलिस ने शहर के लोगों से इस दौरान संबंधित सड़क पर वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने का आह्वान किया है। हालांकि इमरजेंसी वाहनों को स्थिति अनुसार आवाजाही में प्राथमिकता देने की भी बात कही गई है।
इस रूट का प्रयोग कर सकते हैं शहर के लोग और सैलानी
वीवीआईपी मूवमेंट के लिए शिमला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। शिमला पुलिस शहर के लोगों से भी सहयोग की अपेक्षा करती है। - ओमापति जमवाल पुलिस अधीक्षक शिमला
शाम छह से दस बजे के बीच छराबड़ा- ढली-संजौली चौक-नवबहार-राजभवन सड़क पर अगर यातायात बंद किया जाता है तो स्थानीय लोग और सैलानी ढली टनल बॉयफरकेशन से बाईपास होते हुए खलीनी पहुंच कर शहर में प्रवेश कर सकते हैं। दूसरी ओर ढली से ढली-संजौली बाईपास होते हुए लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल पहुंचने का भी विकल्प है। हालांकि दोनों ही रूटों का प्रयोग करने से पहले ढली पहुंचना जरूरी है।
राष्ट्रपति के काफिला से आधा घंटे पहले रोक दिया जाएगा ट्रैफिक- शहर की जिन भी सड़कों से राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा, उन सड़कों पर काफिला गुजरने से आधे घंटे पहले ही ट्रैफिक रोक दिया जाएगा। एसपी ने बताया कि काफिला गुजरने के तुरंत बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
सुरक्षा के लिए पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील- राष्ट्रपति के शिमला दौरे से पहले पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। शहर की सड़कों से लेकर बाजारों तक में पुलिस कर्मी तैनात हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित शहर के सभी एंट्री प्वाइंटों पर पुलिस तैनात हैं।
जिन सड़कों से होकर राष्ट्रपति का काफिला गुजरना है, वहां सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए है। अनाडेल आर्मी हैलीपेड के बाहर पुलिस के जवानों ने शनिवार को ही मोर्चा संभाल लिया है। म्यूजियम बंद है, इसलिए अनाडेल आने वाले सैलानियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
एसपी आफिस में शाम सात बजे तक चलीं बैठकें- राष्ट्रपति के शिमला आगमन से पहले शनिवार को देर शाम सात बजे तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठकों का सिलसिला चलता रहा। शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारी रणनीति बनाते रहे।
अब 25 को शिमला से दिल्ली लौटेंगे राष्ट्रपति कोविंद
बीस मई से शिमला प्रवास पर आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अब 24 की बजाय 25 मई को दिल्ली लौटेंगे। राष्ट्रपति के प्रवास के कार्यक्रम में अब एक दिन की बढ़ोतरी हो गई है। हालांकि, वह एक दिन हिमाचल की वादियों का ही लुत्फ उठाएंगे। अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार 20 से 25 मई के बीच वह पंजाब के मोहाली और हिमाचल प्रदेश के शिमला का दौरा करेंगे।
इस दौरान वह शिमला के नजदीक मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट में ठहरेंगे। शिमला प्रवास से पहले राष्ट्रपति कोविंद रविवार को मोहाली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट आफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च के 7वें कॉन्वोकेशन में भाग लेंगे। इसके बाद शाम को वह हिमाचल के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की ओर से उनके सम्मान में आयोजित प्रीतिभोज में शामिल होंगे।
वहीं, डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय सोलन के 9वें कॉन्वोकेशन के अलावा राष्ट्रपति पीटरहाफ में हिमाचल सरकार की ओर से आयोजित रिसेप्शन में भी शिरकत करेंगे। वहीं, 23 मई को वह प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्रियों, अधिकारियों और पत्रकारों के लिए एक रिसेप्शन भी करेंगे।
ये है कार्यक्रम
20 मई : मोहाली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च के 7वें कान्वोकेशन में लेंगे भाग
20 मई : शाम को मोहाली से शिमला पहुंच राजभवन में प्रीतिभोज में होंगे शामिल
21 मई : नौणी विश्वविद्यालय के 9वें कॉन्वोकेशन में होंगे मौजूद
22 मई : पीटरहाफ में प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित रिसेप्शन में शामिल होंगे।
23 मई : राष्ट्रपति देंगे राज्य के वरिष्ठ महानुभावों, मंत्रियों, अधिकारियों व पत्रकारों को रिसेप्शन
24 मई : शिमला की वादियों का उठाएंगे लुत्फ
25 मई : दोपहर बाद शिमला से दिल्ली के लिए होंगे रवाना
दीक्षांत समारोह में एक हजार लोग रहेंगे मौजूद
दीक्षांत समारोह का आयोजन नौणी विवि के एलएस नेगी सभागार में किया जाएगा। विश्वविद्यालय के बीचोंबीच बने इस सभागार में एक बार में करीब एक हजार लोग बैठ सकते हैं। विवि प्रबंधन ने समारोह में 465 छात्रों के अलावा आईसीआर, सिनेट मेंबर, रिसर्च काउंसिल के सदस्य व अन्य मेहमान मौजूद रहेंगे।
समारोह सुबह ग्यारह बजे से पूरा दिन चलता रहेगा। सभागार में दाखिल होने के लिए विवि प्रबंधन की ओर से विशेष आमंत्रण व पास जारी किए गए हैं।
नौणी में चौपर ने किया ट्रायल- राष्ट्रपति के दौरे को लेकर विशेष ट्रायल शनिवार को आयोजित किया गया, जिसमें सेना के हेलीकाप्टर ने नौणी विवि में दो बार लैंडिंग की। इस दौरान सोलन शहर के ऊपर सेना के हेलीकाप्टर मंडराते रहे जबकि राष्ट्रपति की सुरक्षा को प्रदेश भर से पहुंची पुलिस की टुकड़ियां शहर में गश्त करती नजर आईं।
पुलिस ने नौणी विवि को पूरी तरह से छावनी में बदल दिया है। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है।
अनाडेल और सोलन हेलीकाप्टर से जाएंगे राष्ट्रपति कोविंद
राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार शिमला आ रहे रामनाथ कोविंद के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति सड़क मार्ग के बजाय अपने गंतव्यों तक हेलीकाप्टर की मदद से जाएंगे।
इसके पीछे तर्क यह दिया जा रहा है कि संकरी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रुकने से लोगों को परेशानी हो सकती है। साथ ही राष्ट्रपति के मूवमेंट के समय सुरक्षा कारणों से दूसरे वाहनों को चलने नहीं दिया जा सकता। ऐसे में अगर सड़क मार्ग का उपयोग हुआ तो लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सूत्रों का कहना है कि इसी वजह को देखते हुए खुद राष्ट्रपति ने हेलीकाप्टर सेवा का प्रयोग करने को कहा है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति रिट्रीट से पीटरहाफ जाने के लिए अनाडेल तक हेलीकाप्टर से आएंगे। इसके अलावा सोलन भी वह हेलीकाप्टर से ही जा सकते हैं।
वहीं, अधिकारियों और राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने 100 गाड़ियों को रिजर्व रखा है। इन गाड़ियों का इस्तेमाल लाइजन अफसरों के अलावा ड्यूटी अधिकारियों के लिए होगा। हालांकि, अफसरों को रिट्रीट जाने के आदेश नहीं है, लेकिन तैयारियों और सुरक्षा व अन्य तरह की व्यवस्थाओं के लिए उन्हें मशोबरा आना-जाना होगा।