सीएम जयराम का आश्वासन दरकिनार, जंजैहली में फिर सड़कों पर लोग
जंजैहली में एसडीएम कार्यालय को लेकर लोगों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आश्वासन के बावजूद मंगलवार को सिराज संघर्ष समिति ने जंजैहली बाजार में चक्का जाम करने की कोशिश की।
सैकड़ों लोगों ने सरकार के खिलाफ जंजैहली बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची डीएसपी करसोग ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए। अब संघर्ष समिति ने मामले का हल निकालने के लिए सरकार को 9 फरवरी तक का अल्टीमेटम दे दिया है।
पुलिस और प्रशासन ने सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों को उठाया और बैठक कर अपना पक्ष रखने का सुझाव दिया। करीब दो घंटे प्रदर्शनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच खूब गहमागहमी रही।
सही पक्ष रखने में नाकाम सीएम : रेड्डी
इस बीच, एसडीएम जंजैहली और डीएसपी करसोग ने प्रदर्शन करने आए लोगों से बातचीत की और संयम रखने का आग्रह किया, लेकिन लोग शांत नहीं हुए। हालांकि, प्रशासन के कहने पर लोगों ने चक्का जाम नहीं किया।
उधर, एसडीएम जंजैहली सुरेंद्र मोहन ने बताया कि लोगों ने चक्का जाम करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सड़क से हटा दिया गया। डीएसपी रामकरण राणा ने बताया कि प्रदर्शन करने आए लोगों ने शांति भंग नहीं की है और यातायात में भी रुकावट नहीं डाली।
सिराज संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर न्यायालय का हवाला दे रहे हैं, लेकिन वह इस मुद्दे पर अपना सही पक्ष नहीं रख पाए हैं। जब तक जंजैहली एसडीएम कार्यालय और छतरी उप तहसील की अधिसूचना जारी नहीं होती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
ओक ओवर में की सीएम से मुलाकात
मंगलवार सुबह शिमला में सिराज संघर्ष समिति के पदाधिकारी और भाजपा के लोग ओक ओवर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिले और अपना पक्ष रखा, लेकिन समिति के पदाधिकारी सीएम के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और सीएम से वार्ता के बाद
जंजैहली में प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। सिराज कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि वह शिमला में सीएम से मिले और उन्होंने कहा कि वह कोर्ट की प्रक्रिया के बाद इस मुद्दे का समाधान करेंगे।
दोनाें मामलों पर कोर्ट में शपथ पत्र करेंगे दाखिल : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि दोनों मामलों को लेकर सरकार न्यायालय में अपना शपथ पत्र दाखिल करेगी। सरकार जंजैहली एसडीएम कार्यालय और छतरी उप तहसील को रिव्यू करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हाईकोर्ट का सम्मान करती है लेकिन पूर्व की कांग्रेस सरकार की गलती से यह सब हुआ है।
जंजैहली एसडीएम कार्यालय और छतरी उप तहसील के साथ सरकार छेड़छाड़ नहीं करेगी। उन्होंने सिराज संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल को शिमला में मंगलवार को यह आश्वासन दिया। कानूनी सलाह लेने के बाद सरकार जल्द ही जंजैहली एसडीएम कार्यालय और थुनाग उप तहसील को यथावत रखने का हर संभव प्रयास करेगी।
जंजैहली और थुनाग के लोग आमने सामने
जंजैहली के बाद अब थुनाग में अपने हक की लड़ाई के लिए जन प्रतिनिधि मंगलवार को खुलकर सामने आ गए हैं। थुनाग लोनिवि विश्राम गृह में सिराज के जन प्रतिनिधियों ने पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष टिकम राम की अध्यक्षता में बैठक की।
पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष सिराज टिकम राम ने बताया कि अप्रैल 2016 में एसडीएम कार्यालय को थुनाग में खोलने के बारे में प्रधान थुनाग की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन, तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हुए आनन फानन में एसडीएम कार्यालय जंजैहली में खोलने की अधिसूचना जारी कर दी।