हिमाचल: पंचायत और नगर निकाय चुनावों की घोषणा, देखें शेड्यूल
हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों लाहौल और पांगी में पंचायत चुनाव का डंका बज गया है। मंडी, ऊना और कांगड़ा में नगर निकाय सदस्यों के उपचुनाव का भी एलान हो गया है। लाहौल के केलांग और उदयपुर में सभी पंचायतों, पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों, चंबा के पांगी में पंचायतों और बीडीसी के लिए चुनाव होंगे।
काजा में केवल जिला परिषद सदस्य चुना जाएगा। उदयपुर, केलांग और पांगी में मतदान 19 जून को होगा, जबकि काजा और नगर निकाय सदस्यों के लिए उपचुनाव 17 जून को होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को शिमला में प्रेस कांफ्रेंस कर प्रदेश में कुल 203 पंचायत सदस्य और 23 शहरी निकायों के सदस्यों के उपचुनाव का एलान किया।
इस घोषणा के साथ ही इन क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य और शहरी निकाय के सदस्यों की मतगणना चुनाव के बाद संबंधित मुख्यालय में होगी। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 20 जून को विकास खंड कार्यालय में सुबह 8.30 बजे से शुरू होगी।
यहां पर 19 जून को होगा मतदान
राज्य निर्वाचन आयुक्त टीजी नेगी ने बताया कि लाहौल के उदयपुर और केलांग उपमंडल की 28 पंचायतों में ग्राम पंचायत, 15 पंचायत समितियों और 10 जिला परिषदों के लिए 19 जून को मतदान होगा। इसी दिन चंबा के पांगी उपमंडल की 16 ग्राम पंचायतों और 15 पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा।
पांगी में जिला परिषद का चुनाव नवंबर 2015 में ही हो चुका है। इसके अलावा लाहौल के काजा उपमंडल में केवल जिला परिषद सदस्य के लिए 17 जून को मतदान होगा। यहां नवंबर 2015 में ग्राम पंचायतों तथा पंचायत समिति के लिए चुनाव हो चुका है।
उपमंडल मंडी में भी 17 जून को नगर परिषद नेरचौक के वार्ड 2 से 11, नगर पंचायत करसोग के वार्ड 2, 6 तथा 7 में, ऊना के अंब की नगर पंचायत दौलतपुर के सभी सात वार्डों और कांगड़ा उपमंडल में नगर परिषद कांगड़ा के वार्ड नंबर तीन और नगर पंचायत बैजनाथ पपरोला के वार्ड 4 और 11 में 17 जून को सदस्यों के लिए मतदान होगा।
1 से 3 जून तक भरे जाएंगे नामांकन
चुनाव आयुक्त टीजी नेगी ने बताया कि 1 से 3 जून तक सुबह 11 से 3 बजे तक संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थान और अधिकारी के सामने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
4 जून को नामांकन पत्रों की समीक्षा के बाद 6 जून तक नाम वापसी होगी। इसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे। यदि जरूरत हुई तो दो चरणों में चुनाव होगा।
शहरों में ईवीएम, पंचायतों में मतपत्र पर होगा मतदान
नेगी ने बताया कि शहरी निकायों में मतदान ईवीएम के माध्यम से कराया जाएगा। पंचायतीराज संस्थाओं का निर्वाचन बैलेट पेपर के पारंपरिक माध्यम से कराया जाएगा।