हर प्रमुख एमओयू के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के आदेश, सीएम ने बैठक में दिए आदेश
सीएम जयराम ठाकुर ने राइजिंग हिमाचल ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के दौरान हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापनों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन वाली हर प्रमुख परियोजना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के आदेश दिए। कहा कि इन्वेस्टर्स मीट के बाद 7,242 करोड़ के निवेश के 139 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे कुल निवेश एक लाख करोड़ से अधिक पहुंच गया है। विभागों को तय करना होगा कि उन परियोजनाओं पर सही तरीके से कार्य शुरू किया जाए, जिनका प्रदर्शन ‘ग्राउंड ब्रेकिंग’ समारोह में किया गया था।
सीएम ने कहा कि विदेशी निवेशकों को प्रदेश में अपने उपक्रम शुरू करने का विश्वास दिलाने को प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि 986 करोड़ के प्रस्तावित निवेश के साथ नीदरलैंड के उद्यमियों के साथ आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। जर्मनी के निवेशकों के साथ एक समझौता ज्ञापन, 1900 करोड़ रुपये के निवेश के साथ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ सात समझौता ज्ञापनों और मलयेशिया के साथ 100 करोड़ के निवेश के एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। नोडल अधिकारी विदेशी निवेशकों के साथ मधुर संबंध स्थापित करने को नियुक्त किए जाएंगे। ये इनके साथ लगातार संपर्क में रहेंगे।
उद्योगपतियों से वन टू वन बैठक होगी, रिलायंस, टाटा, महिंद्रा को देंगे प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने उद्यमियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग करने पर जोर दिया। कहा कि रिलायंस, टाटा, महिंद्रा, गोदरेज आदि बड़े औद्योगिक घरानों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इस साल जून में होने वाले दूसरे ‘ग्राउंड ब्रेकिंग’ समारोह के लिए समझौता ज्ञापनों को निर्धारित करना चाहिए। इसके लिए 10 हजार करोड़ रुपये के वास्तविक निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा।
जिन उद्यमियों ने समझौता ज्ञापनों पर पहले से हस्ताक्षर किए हैं, उनकी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। 27 दिसंबर 2019 को प्रथम ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह पर सीएम ने खुशी जताई। कहा कि सरकार ने निर्धारित लक्ष्य के साथ 13656 करोड़ का निवेश भी हासिल किया है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुुमार ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि उद्योग विभाग उद्यमियों के साथ हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापनों को धरातल पर लाने के लिए अन्य विभागों के साथ मिलकर कार्य करेेगा। मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची भी मौजूद रहे।