{"_id":"f7e85b5fe7a87ade3e1a3e841c369d83","slug":"only-two-counter-for-water-bills-payment-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोगों के लिए आफत बना पानी के बिल जमा करवाना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लोगों के लिए आफत बना पानी के बिल जमा करवाना
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Wed, 21 Oct 2015 09:23 AM IST
विज्ञापन
शिमला शहर के लोगों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले पानी के बिलों ने जेब ढीली कर दी तो अब बिल जमा करना शहर के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। नगर निगम ने शहर के हजारों लोगों को पानी के बिल जारी कर दिए हैं। लेकिन बिल जमा करने के लिए निगम के सिर्फ दो काउंटर चल रहे हैं। इन दोनों काउंटरों पर पानी के साथ साथ हाउस टैक्स के बिल भी जमा किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
हालांकि नगर निगम के सुविधा केंद्र में सीनियर सिटीजन के लिए अतिरिक्त काउंटर खोला गया है लेकिन भारी भीड़ के चलते लोगों को बिल जमा करने में खासी दिक्कत पेश आ रही है। मंगलवार को सुबह दस बजे ही एमसी के कैश काउंटरों के बाहर भारी भीड़ जुट गई। कैश काउंटर पर दोपहर दो बजे तक बिल जमा होते हैं। लेकिन रिज स्थित कैश काउंटर के बाहर दो बजे के बाद भी लंबी कतारें लगी रहीं।
विज्ञापन
काउंटर पर तैनात नगर निगम के कर्मचारियों ने बिना लंच किए दो बजे के बाद भी बिल जमा करने का काम चालू रखा और करीब तीन बजे तक बिल जमा किए गए। शहर के लोगों ने नगर निगम प्रशासन से पानी के बिल जमा करने के लिए अतिरिक्त काउंटर खोलने की मांग की है। वरिष्ठ नागरिकों ने निगम प्रशासन से अस्थायी तौर पर सुविधा केंद्र में एक और काउंटर खोलने की मांग की है।
विज्ञापन
लोकमित्र केंद्रों में जमा हो सकते हैं बिल
पानी के बिल जमा करने के लिए शहर के लोग लंबी कतारों से छुटकारा पा सकते हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे लोकमित्र केंद्र पर भी बिल जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त नगर निगम ने आनलाइन बिल जमा करने की भी सुविधा दी है।