Kangra News: राष्ट्रीय प्रतियोगिता के तीसरे दिन पायल राणा ने स्वर्ण पदक के साथ जीता 10,000 का नकद इनाम
नगरोटा बगवां में चल रही राष्ट्रीय स्तरीय खेलो इंडिया वेट लिफ्टिंग रैंकिंग सीनियर, जूनियर और यूथ प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को विभिन्न भार वर्गों की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में चल रही राष्ट्रीय स्तरीय खेलो इंडिया वेट लिफ्टिंग रैंकिंग सीनियर, जूनियर और यूथ प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को विभिन्न भार वर्गों की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें लड़कियों के 59 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतर प्रदर्शन करने पर हिमाचल प्रदेश की पायल राणा को स्वर्ण पदक और 10,000 की नकद धनराशि प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में ललिता शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
भारतीय भारोत्तोलन संघ के प्रेसिडेंट और भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सहदेव यादव ने मुख्यातिथि और हिमाचल प्रदेश भारोत्तोलन संघ के नेशनल रेफरी राजकुमार जम्वाल को शाॅल, टाॅपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता के तीसरे दिन सीनियर वुमन के 59 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की उषा ने स्वर्ण पदक और 20,000 रुपये, अरुणाचल प्रदेश की बालो यालम ने रजत पदक और 15,000 रुपये, मणिपुर की पी शखनवी देवी ने कांस्य पदक और 12,000 रुपये जीते।
वहीं, इसी वर्ग में ओडिशा की मोती जानी को 8,000 रुपये, हिमाचल प्रदेश की नताशा नेगी को 6,000 रुपये और गुजरात की जागरुति हरीशभाई स्पकल को 5,000 रुपये की धनराशि प्रदान की गई। जूनियर वुमन 59 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की ऊषा ने स्वर्ण पदक और 15,000 रुपये, अरुणाचल प्रदेश की लीजा कामशा ने रजत पदक और 10,000 रुपये, अरुणाचल प्रदेश की बालो यालम ने कांस्य पदक और 8,000 रुपये जीते।
इसी वर्ग में महाराष्ट्र की साक्षी रनमाले ने 6000 रुपये और पंजाब की काजल को 5,000 की नकद धनराशि प्रदान की गई। 45 किलोग्राम भार वर्ग में नगरोटा बगवां की समृद्धि को चौथा स्थान और कशिश को जूनियर और सीनियर वर्ग में पांचवां स्थान मिला। 49 किलोग्राम भार वर्ग में सीनियर, जूनियर और यूथ में वंशिका पटियाल को पांचवां स्थान, 55 किलोग्राम जूनियर भार वर्ग में संजना भट्ट को पांचवां स्थान और यूथ में छठा स्थान प्राप्त किया।