मंडी: मासूम की मौत के बाद हंगामा, एक घंटे तक मंडी-पठानकोट हाईवे किया जाम, पिता गिरफ्तार
मासूम बेटी के शव को देखकर ग्रामीण और ननिहाल के लोग बिलख पड़े। अभी पुलिस के पहरे में अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच ननिहाल पक्ष के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए घर के आंगन में शव जलाने की तैयारियां शुरू कर दीं।
विस्तार
उपमंडल जोगिंद्रनगर की एक नौ साल की मासूम बेटी की चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद चौंतड़ा के पस्सल हार गांव में शनिवार सुबह खूब हंगामा हुआ। पिता पर हत्या पर आरोप लगाते हुए गुस्साए ननिहाल पक्ष के लोगों ने मंडी-पठानकोट एनएच को भी करीब एक घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पस्सल हार गांव की नौ वर्षीय अनन्या की तबीयत बिगड़ने पर उसे नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया था। उसे गंभीर हालत में चंडीगढ़ के एक अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जहां 12 सितंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामला जोगिंद्रनगर पुलिस के ध्यान में लाया। पुलिस ने चंडीगढ़ पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम करवाया है। ननिहाल पक्ष के परिजनों ने आरोपी पिता राकेश कुमार के घर पस्सल हार पहुंचकर शनिवार को करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया।
उन्होंने अनन्या की मां की मौत को भी हत्या करार देते हुए राकेश को फांसी की सजा की मांग की। डीएसपी पधर, संजीव सूद ने कहा कि मामले में आरोपी पिता को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द पूछताछ के लिए पुलिस थाना में तलब किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के राज खुलेंगे। नौ वर्षीय मासूम की मौत के बाद लोगों ने चौंतड़ा बाजार तक रोष रैली निकाली।
इसी बीच गुस्साए प्रदर्शनकारी मंडी-पठानकोट एनएच पर बैठ गए। इससे मंडी-पठानकोट हाईवे पर सभी प्रकार की वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे की जद्दोजहद के बाद एसडीएम कृष्ण कुमार शर्मा के आश्वासन के बाद लोग मंडी-पठानकोट हाईवे से हटे। माहौल को तनावपूर्ण होता देखते हुए डीएसपी पधर संजीव सूद भी जोगिंद्रनगर पहुंचे।
आंगन में शव जलाने पर अड़े
मासूम बेटी के शव को देखकर ग्रामीण और ननिहाल के लोग बिलख पड़े। अभी पुलिस के पहरे में अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच ननिहाल पक्ष के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए घर के आंगन में शव जलाने की तैयारियां शुरू कर दीं। शव जलाने के लिए लकड़ियों भी आंगन में एकत्रित की। इस बीच ने पुलिस ने समझाने की कोशिश की। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसको देखते हुए भारी पुलिस बल पस्सल पंचायत में तैनात करना पड़ा। पुलिस के पहरे में शव का अंतिम संस्कार नजदीकी मोक्षधाम में किया गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.