NPS Employees Federation: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से मिला नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महासंघ नेताओं से कहा है कि हिमाचल में वर्तमान सरकार पेंशन बहाल नहीं करती है तो उनकी पार्टी की सरकार सत्ता में आते ही प्रदेश में भी पुरानी पेंशन बहाल करेंगी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधि मंडल ने राज्य अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से शिष्टाचार भेंट की। महासंघ नेताओं ने छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए उनका हिमाचल के समस्त कर्मचारियों की ओर से धन्यवाद किया। बधेल ने महासंघ नेताओं से कहा है कि हिमाचल में वर्तमान सरकार पेंशन बहाल नहीं करती है तो उनकी पार्टी की सरकार सत्ता में आते ही प्रदेश में भी पुरानी पेंशन बहाल करेंगी। महासंघ अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि भूपेश बघेल से पुरानी पेंशन बहाली के विषय में कुछ देर चर्चा की, जिसमें उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों के लिए हमने पूरी तरह से पेंशन बहाल कर दी है। यदि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों का पैसा नहीं देती है तो फिर भी छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन के सभी लाभ दिए जाएंगे।
पेशनरों की बैठक शीघ्र बुलाए सरकार : संघ
उधर, हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संघ के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने सरकार से मांग की है कि सरकार पेशनरों की संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक शीघ्र बुलाए। संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष आत्मा राम की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला। संघ के अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पेंशनरों को एरियर का भुगतान शीघ्र किया जाए। सरकार ने जनवरी, 2016 से संशोधित वेतनमान देने का एलान कर रखा है। यह मामला सरकार से कई बार उठाया जा चुका है। अभी तक पेंशनरों को कोई राहत नहीं मिली है।