सरकाघाट (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर में शनिवार को 14वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम ने छात्रों, शैक्षिक और गैर-शैक्षिक स्टाफ को आपदा प्रबंधन पर जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को आपदा से बचाव और प्राथमिक चिकित्सा के महत्वपूर्ण उपायों के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा।
एनडीआरएफ की टीम ने बच्चों को भूकंप से बचने के उपाय, घरेलू आग से बचाव, सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन), घायल व्यक्ति को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के तरीके, आग पर काबू पाने के उपाय आदि के बारे में बताया। साथ ही आंख और सिर में चोट लगने पर पट्टी बांधने के सही तरीके पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। जागरूकता अभियान में बच्चों को आपदा के समय सही निर्णय लेने और आपातकालीन स्थितियों में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मार्गदर्शन किया गया। संवाद