ऊपरी शिमला से कटा संपर्क, 80 से ज्यादा रूट फेल, कई बसें फंसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी शिमला और कुफरी में सीजन की पहली बर्फबारी से यातायात व्यवस्था ठप हो गई है। राजधानी का अपर शिमला से संपर्क कट गया है। शुक्रवार को अपर शिमला के 80 से ज्यादा रूट ठप रहे। एचआरटीसी और कई निजी बसें रास्ते में फंसी हैं। बर्फबारी को देखते हुए शिमला से इन इलाकों के लिए शुक्रवार को बसें नहीं चलाई गईं।
शुक्रवार सुबह दस बजे मौसम खुलने के बाद कुफरी में यातायात बहाल कर दिया गया लेकिन शाम करीब चार बजे फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। इसके बाद यहां यातायात बंद कर दिया गया। खड़ापत्थर में भी दोपहर करीब एक घंटे के लिए ही यातायात बहाल हो पाया।
इस रूट पर एचआरटीसी की तीन बसें फंसी थीं जिनमें से तीन शिमला वापस लौट आई हैं जबकि एक बस रोहड़ू रवाना की गई है। नेरवा और चौपाल इलाके के सभी 24 रूट बंद हैं। शिमला से इस रूट पर भी कोई बस नहीं भेजी गई है। जिले में 80 से ज्यादा रूट फेल हुए हैं। खड़ापत्थर के पास भी एक घंटे के लिए यातायात खुला था लेकिन हिमपात के चलते फिर बंद हो गया।
किन्नौर के लिए वाया मशोबरा भेजी बस
शिमला बसस्टैंड पर सैकड़ों लोग बसों की आवाजाही के लिए इंतजार करते रहे लेकिन बसें न चलने से इन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर जिन लोगों ने बर्फबारी के बीच गाड़ियां चलाईं वह भी कई जगह स्किड हो गईं।
कुफरी और छराबड़ा के पास कई बसें स्किड होने से यातायात ठप रहा। शनिवार सुबह भी ज्यादातर इलाकों में बस सेवाएं बंद रहेंगी। मौसम खुलने पर शाम तक ही अपर शिमला के लिए बस सेवाएं बहाल की जा सकती हैं। हालांकि, जिला प्रशासन सड़कें बहाल करने के काम में जुट गया है।
एचआरटीसी ने रामपुर और किन्नौर के लिए वाया मशोबरा बसें भेजी हैं। बर्फबारी को देखते हुए एचआरटीसी ने साफ कर दिया है कि सड़क से बर्फ हटने के बाद ही बस सेवाएं बहाल की जाएंगी।