Sirmour: कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगी नाहन कॉलेज की एनसीसी कैडेट संतोष
कैडेट संतोष महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा हैं तथा वह मूल रूप से संगड़ाह तहसील के बालार गांव के शेर सिंह की पुत्री हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय महाविद्यालय नाहन की एनसीसी अंडर ऑफिसर संतोष दिल्ली में 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगी। कैडेट संतोष के चयन पर महाविद्यालय प्रबंधन व एचपी इंटर कंपनी एनसीसी ईकाई नाहन उत्साहित एवं गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। कैडेट संतोष महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा हैं तथा वह मूल रूप से संगड़ाह तहसील के बालार गांव के शेर सिंह की पुत्री हैं। एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज ने बताया कि एनसीसी इंटर कंपनी में से केवल दो कैडेट संतोष तथा चेतना का चयन हुआ था जिसमें अंतिम चरण में दिल्ली में संतोष ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ एवं हिमाचल प्रदेश एनसीसी निदेशालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय से पहली बार किसी छात्रा कैडेट का चयन कर्तव्यपथ पर परेड में हुआ है। उन्होंने कहा कि इस चयन का श्रेय संतोष की कड़ी मेहनत, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. प्रेम राज भारद्वाज, एनसीसी कंपनी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव व एनसीसी स्टाफ के अथक प्रयासों को जाता है। उन्होंने कहा कि अन्य एनसीसी कैडेट्स के लिए भी संतोष प्रेरणास्रोत बनी हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. प्रेम राज भारद्वाज ने कैडेट संतोष, एनसीसी अधिकारी, एनसीसी प्रभारी व अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे महाविद्यालय तथा प्रदेश के लिए यह गौरवान्वित करने वाला पल है। इस चयन के लिए एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव, एनसीसी कंपनी के जेसीओ उधम सिंह व एनसीसी स्टाफ ने संतोष तथा महाविद्यालय को बधाई दी।