आकाश हत्याकांड: रजाई हटाने पर हुए झगड़े में कर दी भाई की हत्या, आरोपी को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस के मुताबिक आकाश जब रजाई लेकर सोने लगा तो अर्जुन ने उसे सोने से मना किया। इस दौरान रजाई की खींचतान में आकाश का हाथ गलती से अर्जुन के चेहरे पर लग गया जिससे वह भड़क गया।
विस्तार
आकाश हत्याकांड के मामले में आरोपी अर्जुन ने पूछताछ में खुलासा किया है कि हत्या की रात दोनों 3:00 बजे तक जाग रहे थे। इस दौरान जब आकाश सोने लगा तो इस दौरान रजाई हटाने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। यह दोनों आपस में चचेरे भाई थे। पुलिस के मुताबिक आकाश जब रजाई लेकर सोने लगा तो अर्जुन ने उसे सोने से मना किया। इस दौरान रजाई की खींचतान में आकाश का हाथ गलती से अर्जुन के चेहरे पर लग गया जिससे वह भड़क गया।
यही झगड़ा बाद में मारपीट तक पहुंच गया और इस दौरान तैश में आकर आरोपी ने आकाश की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने बीयर की बोतल से भी आकाश के सिर पर हमला किया और इसके बाद टूटी बोतल से गले को रेत डाला। साथ ही बाजू को काटा जिससे ऐसा लगे कि यह आत्महत्या का मामला है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने पोस्टमार्टम जांच में इसे स्टेज क्राइम का मामला बताया है जिसमें हत्या के बाद आरोपी जांच एजेंसी को गुमराह करने की कोशिश करता है।
आरोपी अर्जुन को पुलिस ने पांच दिन की रिमांड के बाद वीरवार को अदालत में पेश किया। यहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले से संबंधित सभी सबूतों को जुटा लिया है। इसमें हत्या के बाद मौके से फरार होने के लिए प्रयोग की गई बाइक समेत अन्य सबूत शामिल हैं। हत्या के बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया था जिसे पुलिस ने अगले दिन तड़के पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया था। चंडीगढ़ के रहने वाले आकाश ने लॉ की पढ़ाई की थी जबकि पंचकूला में रहने वाला अर्जुन पिता के साथ सब्जी का काम करता था।
यह है मामला
11 जून को आकाश शर्मा और अर्जुन शर्मा शिमला पहुंचे। इसके बाद दोनों ढली टनल के पास होटल ग्रैंड मैजेस्टिक में रात करीब 8:22 बजे कमरा नंबर 302 में ठहरे। अगले दिन वह शिमला में यहां वहां घूमते रहे। 13 जून की सुबह करीब 10:00 बजे रिसेप्शनिस्ट को अज्ञात नंबर से कॉल आया। इसमें बताया कि दोनों युवकों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि अर्जुन शर्मा ने फोन में बताया है कि उसने आकाश शर्मा की हत्या कर दी है।
यह सुनने के बाद आनन-फानन में होटल स्टाफ ने मास्टर चाबी की सहायता से कमरा खोला तो उन्होंने आकाश शर्मा को खून से सने चेहरे के साथ बिस्तर पर पड़ा देखा। उन्होंने फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना ढली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम के विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया।