दशकों से मुआवजा न मिलने पर पौंग विस्थापितों के लिए विधायक ने मुंडवाया सिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पौंग बांध विस्थापितों को दशकों से मुआवजा न मिलने और अन्य मांगें पूरी न होने के विरोध में रविवार को देहरा से निर्दलीय विधायक होशियार सिंह ने अपना सिर मुंडवा दिया। पौंग बांध के मुख्य द्वार पर सैकड़ों विस्थापितों की मौजूदगी में विधायक ने केंद्र, हिमाचल और राजस्थान सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने चेताया कि अगर छह माह के भीतर लंबित मुआवजा न मिला तो सभी पौंग बांध विस्थापित जल समाधि लेंगे। इसके बाद विस्थापितों ने लगभग 10 किलोमीटर दूर पौंग बांध के किनारे कैंडल मार्च निकाला।
विधायक होशियार सिंह की अगुवाई में सैकड़ों विस्थापित झील के किनारे पहुंचे। उन्होंने तीनों सरकारों पर विस्थापितों की अनदेखी के आरोप लगाए और आंदोलन का फैसला लिया। यहां विधायक होशियार ने बांध किनारे दीप जलाए और सिर मुंडवाया।
उन्होंने मर चुके विस्थापितों को बांध के मुख्य द्वार पर श्रद्धांजलि दी और उनकी याद में एक स्मारक बनाने व विस्थापितों के बच्चों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने की मांग उठाई। उन्होंने दो टूक कहा कि मुआवजा न मिला तो उनकी जमीनें वापस करें नहीं तो वे डैम का पानी नहीं चढ़ने देंगे।
उन्होंने कहा कि विस्थापित कानून के दायरे में रह कर काम कर रहे हैं। विस्थापितों को सुप्रीम कोर्ट से इंसाफ मिला, लेकिन राजस्थान सरकार ने मुआवजा नहीं दिया। छह माह के अल्टीमेटम के बाद वह राजस्थान सरकार के साथ हुए करार को नहीं मानेंगे।