कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ता, हॉस्टलों का बढ़ाया किराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारियों और पेंशनरों को तीन फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। एक जनवरी 2018 से भत्ते की अदायगी की जाएगी। मेयर कुसुम सदरेट की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई निगम की मासिक बैठक में महंगाई भत्ते देने को अंतिम मंजूरी दी गई। बैठक में 40 से अधिक पदों को भरने को लेकर भी चर्चा हुई। आयुक्त पंकज राय ने कहा कि सरकार की ओर से जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के दस, जमादार के दस और सेनेटरी इंस्पेक्टर के दो पदों समेत कुल 40 पद भरने की मंजूरी मिली है। पांजड़ी में 26 लाख से बनने वाले एंबुलेंस रोड को भी अंतिम मंजूरी मिली।
इसके अलावा पार्किंग, रोड और सामुदायिक केंद्र समेत 27 प्रस्तावों को एफआरए और एफसीए की मंजूरी के लिए वन विभाग को भेजने का फैसला लिया। निगम ने अपनी दो मोबाइल कैंटीन का किराया भी ढाई हजार से बढ़ाकर पांच हजार रुपये कर दिया है जबकि लेबर हॉस्टल में ठहरने पर अब 20 रुपये की जगह हर महीने 500 रुपये देने होंगे।
इन प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
-खाली जगहों को विकसित करने के लिए लैंडस्केपिंग एक्सपर्ट रखेगा एमसी
-कसुम्पटी में बरसात से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 20 लाख मंजूर
-शहर में सीनियर सिटीजन पार्क में लगेंगे फिटनेस उपकरण
-खलीनी में टूटेगा रेनशेल्टर, जोधा निवास पार्किंग में बनेगा शौचालय
-डीसी ऑफिस के पास छह पार्षदों को पार्किंग के लिए मिलेगी जगह
-पशुपालन विभाग में तैनात सहायक दौलतराम को दी गई पदोन्नति
-बैनमोर में स्टोक्स प्लेस पार्किंग अब ठेके पर दी जाएगी
बसंत विहार सोसायटी को भरना होगा बिल
कसुम्पटी की बसंत विहार सोसायटी को एक हफ्ते के भीतर आठ लाख रुपये पानी का बिल चुकाना होगा। निगम के अनुसार सोसायटी ने 24 लाख में से 16 लाख पानी का बिल ही भरा है। बिल जमा न होने पर सदन में जमकर हंगामा हुआ। पार्षदों ने कहा कि सोसायटी बिल और टैक्स देने की बजाय स्थानीय पार्षद के खिलाफ केस दर्ज करवा रही है।
यदि बिल नहीं भरा तो पानी का कनेक्शन काट दिया जाए। पार्षद राकेश चौहान और शैलेंद्र चौहान ने सोसायटी की कब्जाई जमीन की जांच का मामला भी उठाया। साथ ही खाली पड़ी जमीन वापस लेने की मांग की।
हर वार्ड में बनेंगे पार्षद कार्यालय
पार्षद कमलेश मेहता ने वार्ड में पार्षद कार्यालय न होने का मामला उठाया। बाद में बाकी पार्षदों ने भी कहा कि पार्षद कार्यालय न होने से लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। आयुक्त ने इन सभी पार्षदों से प्रपोजल बनाने को कहा। निगम जल्द पैसा जारी करेगा।
किसने क्या मामला उठाया
सदन में पार्षद राकेश चौहान ने जीवणु कालोनी में पार्किंग का मामला उठाया। आयुक्त ने बताया कि इसकी तकनीकी मंजूरी आ गई है। दो माह में काम शुरू होगा। पार्षद शैली शर्मा ने आवारा पशुओं का मामला उठाया।
आयुक्त ने सभी पार्षदों को वार्ड सभा में पशुओं के पंजीकरण की जानकारी लोगों को देने की अपील की। पार्षद सिमी नंदा ने वार्ड में अटके पड़े कामों पर रिपोर्ट मांगी। कहा कि उनके वार्ड में जमीनी विवाद के चलते कई पार्क और पार्किंग नहीं बन पा रहे।