एमबीबीएस का परीक्षा परिणामः मेडिकल कॉलेज नाहन का अनुराग प्रदेश में टॉपर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के अनुराग ठाकुर ने एमबीबीएस की पहले वर्ष की परीक्षा में पूरे प्रदेश में टॉप किया है। बिलासपुर की झंडूता तहसील के टिक्करी गांव में रहने वाले राजेश ठाकुर के बड़े बेटे अनुराग ने 600 में से 475 अंक लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा।
अनुराग की इस उपलब्धि पर नाहन मेडिकल कॉलेज में शनिवार को उत्सव जैसा माहौल था। प्रदेश के तीनों मेडिकल कॉलेजों में टॉप टेन में पहले पांच छात्र मेडिकल कॉलेज नाहन के ही हैं। एमबीबीएस के प्रथम वर्ष में दूसरे स्थान पर 458 अंक लेकर शिवम महाजन दूसरे स्थान पर रहे।
स्वाति ठाकुर ने 451, आंचल शर्मा ने 445, शिवानी शर्मा ने 444, नितिन कुमार ने 434 और कीर्ति खन्ना ने 434 अंक हासिल किए। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज नाहन में जश्न का माहौल बना रहा। दिनभर एमबीबीएस के छात्र व फैकल्टी एक दूसरे को बधाई देते रहे।
मिठाइयां बांटकर मनाया जश्न
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. जयश्री शर्मा सहित तमाम फैकल्टीज ने मिठाइयां बांटकर कॉलेज की पहली उपलब्धि का जश्न मनाया। बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाने वाले राजेश ठाकुर और परिजनों को जब बेटे की उपलब्धि की खबर मिली तो पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
अनुराग ने बताया कि बचपन में उसकी प्रतिभा को देखते हुए हिमाचल पब्लिक स्कूल झंडूता के प्रिंसिपल तरसेम चंदेल ने उसे डॉक्टर बनकर प्रदेश की सेवा करने का सपना दिखाया था। अनुराग ठाकुर ने बताया कि उसका लक्ष्य प्रदेश का बेस्ट कार्डियोलॉजिस्ट बनना है।
पढ़ाई के साथ-साथ स्वस्थ रहना भी जरूरी है। इसलिए अपने हास्टल से तीन किलोमीटर दूर नाहन चौगान में फुटबॉल खेलना, हॉस्टल में दोस्तों के साथ टेबल टेनिस खेलना भी कभी नहीं छोड़ा। अनुराग ने कहा कि एनॉटमी के डॉ. सुखविंद्र, बायो केमिस्ट्री के डॉ. केके शर्मा, फिजियोलॉजी के डॉ. आनंद से उन्हें भरपूर सहयोग मिला है।