कहींं मास्क पहन दूल्हा-दुल्हन ने लिए सात फेरे, तो कहीं दूल्हा फंसा लॉकडाउन में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन के दौरान भांबला में नव विवाहित जोडे़ ने शादी के दौरान मास्क पहनकर और उचित दूरी रखकर मिसाल पेश की है। भांबला के रवि और हमीरपुर के मैहरे की पूजा दो मई को शादी के बंधन में बंधे। शादी में मात्र पांच लोगों ने शामिल होकर दोनों को आशीर्वाद दिया। रवि पुत्र अमर सिंह आईटी सेक्टर में कंप्यूटर इंजीनियर, जबकि पूजा पुत्री करतार सिंह चौहान सहायक प्रोफेसर हैं।
सभी को सभी रिश्तेदारों के सामने शादी के बंधन में बंधकर और बैंड बाजे के साथ शादी के बंधन में बंधने की आरजू रहती है, मगर कोरोना महामारी के काल में इस तरह की शादी करना एक गैर जिम्मेदाराना कार्य होता। ऐसे में रवि और पूजा की बिना बैंड बाजे और मात्र पांच लोगों के सामने हुई। इन दोनों व परिजनों ने समाज के सामने एक अच्छा उदाहरण पेश किया।
जब रवि और पूजा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि शादी के दौरान दोनों के साथ पंडित और अन्य पांच रिश्तेदारों ने मास्क लगाए रखा। इस बात का विशेष ख्याल रखा गया कि उचित दूरी बनी रहे। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया है कि सामाजिक दूरी बनाए रखें और मास्क पहनकर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर और नर्स की शादी में बाधक बना लॉकडाउन
वहीं, मंडी जिले में लॉकडाउन और कर्फ्यू के कारण दो युवा दिलों का सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधने का सपना अधूरा रह गया। दूल्हा अभिषेक बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है तो दुल्हन निजी अस्पताल में नर्स। दोनों का विवाह अप्रैल के अंत में होना था। दूल्हे ने घर पहुंचने के अंत तक प्रयास किए, लेकिन यातायात का साधन न मिलने के कारण अपनी ही शादी में नहीं पहुंच सका और बंगलूरू में ही फंसा रहा। इधर, शादी समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण होने व दूल्हे के न पहुंचने से दोनों पक्षों की परेशानी बढ़ गई।
हालांकि, दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद अब यह शादी लॉकडाउन के बाद होगी। दुल्हन के पिता का कहना है कि लॉकडाउन के चलते उनकी बेटी दुल्हन नहीं बन पाई। हालांकि, अप्रैल के अंत में उसकी शादी तय हुई थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते बंगलूरू में फंसे उनके दामाद के न पहुंचने पर अब शादी समारोह को लॉकडाउन के बाद आयोजित करने पर सहमति बनी है। दूल्हे अभिषेक के पिता जगदीश ठाकुर ने कहा कि सरकार जब हवाई यात्रा को मंजूरी देगी तो ही उनका बेटा घर पहुंच सकेगा और शादी की रस्में पूरी कर सकेगा।