Pahalgam Terrorist Attack: आतंकी हमले के विरोध में हिमाचल में आक्रोश, आधे दिन बंद रहीं दुकानें
आज हिमाचल में बाजार बंद रखने का फैसला लिया गया है। राजधानी शिमला में भी बंद का असर दिखा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के कारोबारियों ने दुकानें आधे दिन बंद रखीं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश शहराें में बंद का व्यापक असर रहा। कई जगह हमले में मारे गए लोगों के सम्मान में शांति सभाएं भी हुईं। कई क्षेत्रों में पाकिस्तान के खिलाफ सामाजिक संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन किए और कैंडल मार्च निकाले। कई शहरों में पाकिस्तान के पुतले भी फूंके गए। पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में हिमाचल के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। गुरुवार को प्रदेश व्यापार मंडल के आह्वान पर अधिकांश कारोबारियों ने दुकानें बंद रखीं। राजधानी शिमला के मालरोड, लोअर बाजार व मिडल बाजार सहित पूरे शहर में दुकानें बंद रहीं। चंबा, बनीखेत, चुवाड़ी और भरमौर में भी बाजार बंद रहे। विहिप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. केशव वर्मा ने बताया कि छोटी मानसिकता वाले आतंकवादियों ने पर्यटकों की हत्या की है, जिसका हिंदू समाज कड़ा विरोध करता है। किसी भी सूरत में आंतकवादियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। धर्मशाला के कोतवाली बाजार और कचहरी अड्डा व्यापार मंडल ने भी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। व्यापारियों ने केंद्र से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आतंकी हमले के चलते कांग्रेस ने रद्द की संविधान बचाओ रैली, 25 अप्रैल को निकालेगी कैंडल मार्च
कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के चलते कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली रद्द कर दी है। 26 अप्रैल को राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में राज्य स्तरीय रैली का आयोजन होना था। प्रदेश कांग्रेस ने आतंकी हमले में मारे गए लोगों के सम्मान में रैली न करने का फैसला लिया है। इस संदर्भ में सभी मंत्रियों, विधायकों, पूर्व विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पत्र जारी कर सूचित कर दिया गया है। इसकी जगह शुक्रवार शाम 6:30 बजे तक शेरे पंजाब से लेकर रिज पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले से उत्पन्न दुखद परिस्थितियों के मद्देनजर शिमला में प्रस्तावित संविधान बचाओ रैली नहीं होगी। जल्द ही रैली के आयोजन को लेकर आगामी तारीख तय की जाएगी। कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला न केवल कायराना हरकत है, बल्कि अमानवीय भी है। यह सभ्य समाज की मूल भावना पर प्रहार हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती और आतंक फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। नरेश चौहान ने कहा कि दुख की इस घड़ी में हम सभी पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। ऐसी घटनाएं हमारे देश की एकता और अखंडता को नहीं डिगा सकतीं।

मुस्लिम संगठनों ने भी की आतंकी हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंक वादियों की ओर से पर्यटकों को मारे जाने की घटना के बाद नाहन शहर के मुस्लिम समुदाय में रोष पनपा हुआ है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए इसे हिंदुस्तान के सौहार्द, शांति और मोहब्बत को खत्म करने की साजिश करार दिया। बुधवार को कच्चा टैंक मस्जिद में दिन की नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों की बैठक हुई। इसमें जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों की ओर से निहत्थे बेकसूर लोगों को जान से मारने की घटना पर गहरा रोष प्रकट किया गया। अंजुमन इस्लामिया के उपप्रधान कैप्टन सलीम अहमद, पूर्व प्रधान मुबारिक अली, इशाक, मौलाना रऊफ अहमद, इस्लाम आदि दर्जनों लोगों ने कहा कि आतंक वादियों ने जिस तरह से निहत्थे लोगों को उनका नाम पूछकर मारा। यह इस्लाम को बदनाम करने और हिंदुस्तान के सौहार्द, शांति और मोहब्बत को खत्म करने की साजिश है। उधर, पांवटा साहिब में आतंकी हमले को कायराना और बेहद शर्मनाक करार दिया। ऑल हिमाचल मुस्लिम संगठन प्रदेश अध्यक्ष नजाकत अली हाशमी ने कहा कि आतंकी हमला इंसानियत के खिलाफ एक संगीन गुनाह है।

चंबा में पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में फूटा लोगों का गुस्सा
चंबा में पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूटा। जिला चंबा में व्यापार मंडल और विहिप के आह्वान पर जिला मुख्यालय चंबा, बनीखेत, चुवाड़ी व भरमौर में बाजार बंद रहे। दोनों समुदाय के लोगों ने अपनी दुकानों समेत व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखा। आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय दिया। विहिप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. केशव वर्मा ने बताया कि छोटी मानसिकता वाले आतंकवादियों ने पहलगाम में पर्यटकों की हत्या की है। जिसका हिंदू समाज कड़ा विरोध करता है। बताया कि किसी भी सुरत में आंतकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा।
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में कोतवाली बाजार बाजार बंद
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में कोतवाली बाजार और कचहरी अड्डा व्यापार मंडल ने दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। वहीं व्यापारियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि आतंकियों के खिलाफ कड़ी कारवाई की जाएगा। व्यापारियों ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखा। व्यापार मंडल के सचिव शेखर राय ने मांग की है कि सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी करवाई करनी चाहिए। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाए न हो
'पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी करवाई की जाए'
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में सुबह से रामपुर बाजार बंद रहा। व्यापार मंडल ने दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। वहीं व्यापारियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि आतंकियों पर कार्रवाई की जाए। रामपुर बाजार के व्यापारियों ने सुबह से अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखा। व्यापारियों का कहना है कि केंद्र सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी करवाई करनी चाहिए। ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।
आतंकी हमले से लोगों में आक्रोश, बड़ूही में सभी दुकानों को बंद रखा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से आक्रोशित होकर बड़ूही व्यापार मंडल ने सभी दुकानों को बंद रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला फूंकते हुए पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए और आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि निहत्थे और निर्दोष लोगों की धर्म पूछकर की गई हत्याएं मानवता के खिलाफ है और इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान दो मिनट का मौन रखकर शहीदों और मारे गए निर्दोष नागरिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। व्यापारियों ने सरकार से आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और देश की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की मांग की। बड़ूही के दिल मोहम्मद ने कहा की धर्म पूछकर मारना बहुत कायरतापूर्ण हैं, जोकि पाकिस्तान की सोची-समझी साजिश है।
मनाली में फूंका पाकिस्तान का पुतला
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में जिला कुल्लू के सभी बाजार बंद रखे गए हैं। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय कुल्लू का सबसे बड़ा अखाड़ा बाजार भी बंद किया गया है। इसके लिए सभी दुकानदारों ने अपना सहयोग दिया है और अपनी दुकानों और कारोबार को बंद रखा है।
आंतकी हमले के विरोध में गुरुवार को मनाली में लोग सड़क पर उतरे। मनाली में हिंदू संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मालरोड़ पर रैली निकाली और पाकिस्तान का पुतला फूंका। हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने जमकर नरेबाजी की। मनाली में इस हमले के विरोध में लगभग 12:00 बजे तक बाजार भी बंद रहा।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर गुरुवार जिला मुख्यालय के बाजार सुबह 11:00 बजे तक बंद रखे गए। व्यापार मंडल के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर पुतला फूंका। रामपुर में पहलगाम के आतंकी हमले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और अन्य सभी धर्मों के लोगों ने रामपुर बाजार में विरोध प्रदर्शन करके पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आतंकवाद के खिलाफ जोगिंद्रनगर में निकाली अक्रोश रैली
आतंकवाद के विरुद्ध हिंदू संगठनों का गुस्सा मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में फिर फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने शहर में रोष रैली निकाली ओर पाकिस्तान का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। सनातन धर्म सभा मंदिर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर पहलगांम में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। वहीं भारत वर्ष में सक्रिय आतंकी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग केंदीय रक्षा मंत्रालय से की। शहर में निकाली गई आक्रोश रैली में महात्मा राममोहन दास रमायणी ने भी हिस्सा लिया।
पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ कमरऊ पंचायत में निकाली आक्रोश रैली
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ कमरऊ पंचायत में गुरुवार को आक्रोश रैली निकाली गई। कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई। आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए एसवीएम हाई स्कूल कमरऊ के अध्यापक व समस्त विद्यार्थी मौजूद रहे । पहलगाम के हमले में 28 लोगों की जान चली गई। इस हमले से पूरा देश हिल गया है। इस घटना के बाद पूरे देश में ही शोक की लहर है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.