'सेना को सलाम, उग्रवादियों की मौत सुनकर दिल को मिला सुकून'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उग्रवादियों को मार गिराने की सेना की कार्रवाई ने हिमाचल के सात शहीदों के परिजनों के जख्मों पर कुछ मरहम लगाने का काम किया है। मानपुर देवड़ा के शहीद सोहन सिंह के बड़े भाई हरमिंद्र सिंह और छोटे भाई मोहन सिंह ने कहा कि भाई की शहादत को तो वे कभी नहीं भूल सकते लेकिन सेना की कार्रवाई से उन्हें कुछ सुकून जरूर मिला है।
उन्होंने कहा कि उग्रवादियों पर हमला कर सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। उधर, हरिपुरधार के टिकरी डसाकना गांव के शहीद अशोक राणा के पिता बलदेव राणा और भाई बृज राज ठाकुर ने कहा कि उन्हें टीवी चैनल से पता चला कि मणिपुर में सेना पर हमला करने वाले उग्रवादियों को मार गिराया गया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने बहादुरी से इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया है। बिलासपुर के हीरापुर के शहीद राजेश के पिता जोगिंद्र सिंह ने भी सेना की कार्रवाई को सराहा। उन्होंने कहा कि खून का बदला खून ही होना चाहिए।
देशद्रोहियों को ऐसी ही सजा मिलनी चाहिए थी
वहीं, कांगड़ा के शहीद सैनिक रजनीश के परिजनों का कहना है कि देशद्रोहियों को जल्द सजा मिलनी चाहिए थी। उन्हें सेना के जवानों ने बहादुरी के साथ जवाब दिया। उग्रवादियों की यही सजा थी और उन्हें सेना ने मौत दे दी।
अन्य शहीदों के परिजनों ने भी सेना के इस जवाबी कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इससे उनके दिल को सुकून मिला है। आतंकियों को मारने से शहादत का बदला पूरा हो गया। सेना को भविष्य में भी देशद्रोहियों के खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ये लोग फिर से देश की ओर आंख उठाकर न देख सके।
शहीदों के परिजनों को फ्री यात्रा की सुविधा
वहीं, हिमाचल सरकार ने शहीदों के परिजनों को एचआरटीसी की बसों में फ्री यात्रा का प्रस्ताव तैयार किया है। यानि सभी सात शहीदों के परिजन बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा हासिल करेंगे। परिवहन मंत्री ने खुद इसका प्रस्ताव तैयार किया है।
उका कहना है कि शहीदों ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी शहादत को देखते हुए उनके करीबी परिजनों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जानी चाहिए। जल्द ही इस बारे में अधिसूचना भी जारी हो सकती है।
गौरतलब है कि हिमाचल सरकार शहीदों के परिजनों को पांच पांच लाख के चैक भी दे चुकी है। साथ ही उनके परिवार वालों को योग्यता अनुसार नौकरी की भी घोषणा कर चुकी है।