हाटी समुदाय को हाईकोर्ट से बड़ी राहत: एसटी का दर्जा रहेगा बरकरार, चुनौती देने वाली तीन याचिकाएं खारिज
अदालत ने हाटी समुदाय के एसटी का दर्जा बरकरार रखने का फैसला दिया है। हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली तीन याचिकाओं को खारिज कर दिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को केंद्र सरकार से मिला अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा बरकरार रहेगा। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली तीन याचिकाओं को खारिज कर दिया है। इसके अलावा खंडपीठ ने समुदाय को एसटी सूची में शामिल किए जाने के आधार पर प्रमाणपत्र जारी करने की मांग वाली 15 याचिकाओं को मंजूर कर लिया है। खंडपीठ ने संबंधित अधिकारियों को अनुसूचित जनजाति आदेश, 1950 के नियमानुसार प्रमाणपत्र जारी करने सहित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में अदालत ने ये स्पष्ट किया
न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश भूपेश शर्मा की अदालत ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 342 के तहत अनुसूचित जनजातियों की सूची में किसी समुदाय को शामिल करने या बाहर करने के फैसले की न्यायिक समीक्षा नहीं की जा सकती। मामले में गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकारी संरक्षण समिति, गुज्जर समाज कल्याण परिषद और किन्नौर स्टूडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने याचिकाएं दायर कर समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने के फैसले को चुनौती दी थी। याचिकाकर्ताओं ने संविधान के अनुसूचित जनजाति आदेश, 1950 में नई प्रविष्टि संख्या 11 जोड़ने पर सवाल उठाए थे। गौरतलब है कि संसद ने संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (द्वितीय संशोधन) अधिनियम, 2023 के माध्यम से चार साल पहले 4 अगस्त 2023 को सिरमौर जिले के ट्रांस गिरी क्षेत्र के हाटी समुदाय को एसटी सूची में शामिल किया था।
ऐतिहासिक फैसला: श्रवण डोगरा
हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने स्पष्ट कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के पहले से तय मामलों में दखल देने की कोई गुंजाइश नहीं है। वहीं इस मामले में याचिका दायर करने वाले एससी समुदाय के वकील अनिल कुमार मंगेट ने भी हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया।
फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर लगा विराम
सुनवाई के दौरान हाटी समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने के समर्थकों की ओर से सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का हवाला देते हुए कहा गया कि ऐसे मामलों में अदालतों को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। विरोध करने वाले पक्ष ने दलील दी कि संसद के कानून की न्यायिक समीक्षा की जा सकती है। खंडपीठ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट स्पष्ट कर चुका है कि न्यायालय किसी जाति या समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने, बाहर करने या सूची में दर्ज प्रविष्टियों में बदलाव नहीं कर सकते। ऐसे मामलों में साक्ष्य जुटाकर उनकी जांच के आधार पर फैसला देना भी अदालत के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद हाटी समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर विराम लग गया है।
गिरिपार क्षेत्र के लोगों ने लंबा आंदोलन लड़ा: डॉ. अमीचंद
उधर, केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद ने कहा कि वर्ष 1967 में जौनसार क्षेत्र को हाटी का दर्जा मिल गया था। गिरिपार क्षेत्र के लोगों ने इसके लिए लंबा आंदोलन लड़ा है। केंद्रीय हाटी समिति कोर्ट के फैसले का स्वागत करती है। साथ ही इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार का धन्यवाद करते हैं।
हाटी समुदाय को एसटी दर्जा बरकरार रखने के हाईकोर्ट के फैसले से गिरिपार में खुशी: हर्षवर्धन चौहान
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने संबंधी केंद्र सरकार की अधिसूचना को बरकरार रखने के फैसले का प्रदेश के उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष और उम्मीदों की जीत करार दिया। चौहान ने कहा कि हाईकोर्ट में करीब तीन साल से लंबित इस मामले में फैसला आने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। उनका मानना है कि इस फैसले से करीब तीन से साढ़े तीन लाख की आबादी लाभान्वित होगी। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हाटी समुदाय को एसटी दर्जा देने का मुद्दा लंबे समय से सरकार और न्यायालय के समक्ष था।
गिरिपार में जश्न, संगड़ाह में आतिशबाजी कर बांटी मिठाइयां
गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने से संबंधित कानून के खिलाफ दायर सभी याचिकाएं हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की ओर से खारिज किए जाने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। न्यायालय के इस फैसले से हाटी समुदाय के लोगों के जनजातीय प्रमाणपत्र बनने का रास्ता साफ हो गया है। इसे समुदाय के वर्षों के संघर्ष और लंबी प्रतीक्षा की बड़ी जीत माना जा रहा है। हाईकोर्ट का फैसला आने के बाद शनिवार को संगड़ाह बस अड्डा बाजार में हाटी समुदाय के लोगों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया। वहीं, हरिपुरधार में भी स्थानीय लोगों ने मिठाई बांटकर इस फैसले पर खुशी जताई। उधर, रोनहाट कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर में भी फैसले का उत्साह देखने को मिला। स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। इस दौरान बुजुर्ग महिलाओं के साथ नाटी डालकर भी खुशी का इजहार किया गया। कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। सभी ने इस निर्णय को गिरिपार क्षेत्र के लोगों के वर्षों के संघर्ष और प्रतीक्षा का सुखद परिणाम बताया। गौरतलब है कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा दिलाने की मांग कई दशकों से उठाई जा रही थी। इस कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर पिछले करीब तीन वर्षों से न्यायालय में सुनवाई चल रही थी। अब सभी याचिकाएं खारिज होने के बाद समुदाय के लोगों को जनजातीय प्रमाणपत्र मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने फैसले को गिरिपार क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उम्मीद जताई कि एसटी दर्जे से क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और अन्य अवसरों में लाभ मिलेगा।
हाईकोर्ट का फैसला ऐतिहासिक, 154 पंचायतों के तीन लाख लोगों को राहत : तोमर
वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने हाटी समुदाय के पक्ष में आए उच्च न्यायालय के फैसले को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से गिरिपार क्षेत्र की 154 पंचायतों के करीब तीन लाख लोगों को बड़ी राहत मिली है और समुदाय के अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे पर बनी अनिश्चितता दूर हुई है। पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बलदेव तोमर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सितंबर 2022 में गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय की दशकों पुरानी मांग को पूरा करते हुए उसे अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मंजूरी दी थी। इसके बाद संसद में विधेयक पारित हुआ और अगस्त 2023 में राष्ट्रपति की अधिसूचना के माध्यम से समुदाय को यह दर्जा प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि इस फैसले के खिलाफ वर्ष 2023 के अंत में उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की गई थीं। जनवरी 2024 में इसके कार्यान्वयन पर अंतरिम रोक लगने से क्षेत्र के लोगों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। हालांकि, करीब तीन साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद उच्च न्यायालय ने सभी विरोधी याचिकाएं खारिज कर दी हैं। इससे हाटी समुदाय का एसटी दर्जा बरकरार रहने का रास्ता साफ हो गया है। बलदेव तोमर ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्र सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हाटी समुदाय के अधिकारों के लिए केंद्र सरकार और हाटी समिति ने लगातार प्रयास किए हैं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बलदेव तोमर को फोन कर गिरिपार क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए खुशी का अवसर बताया। पत्रकार वार्ता के दौरान बलदेव तोमर समुदाय के अधिकारों के लिए हुए लंबे संघर्ष और चुनौतियों का जिक्र करते हुए भावुक भी हो गए।
