Lockdown HP: हिमाचल में शर्तों के साथ खुलेंगी दुकानें, कुछ पर पाबंदी जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में कर्फ्यू में ढील का समय तीन से चार घंटे कर दिया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि केंद्र सरकार के अनुसार हिमाचल में शॉप एंड एस्टेबलिशमेंट एक्ट के तहत पंजीकृत सभी दुकानें ढील के समय सशर्त खुली रहेंगी। ग्रामीण इलाकों में भी दुकानें खुली रहेंगी, लेकिन शॉपिंग मॉल की दुकानें बंद रहेंगी। इनमें कपड़े, जूते, किराना, स्टेशनरी, दूध-ब्रेड, मोबाइल शॉप, मेकेनिकल शॉप खुलेंगी। नगर निगम और निकाय क्षेत्र में पंजीकृत दुकानें खुलेंगी, लेकिन मल्टी ब्रांड और सिंगल ब्रांड मॉल बंद रहेंगे। राज्य में शराब के ठेके, बार्बर, ब्यूटी पार्लर, चाय की दुकानें, जिम और रेस्तरां बंद रहेंगे। इसके अलावा रिहायशी परिसरों (सोसायटियों के परिसर) में भी दुकानें खुली रहेंगी। कंटेनमेंट जोन में कोई छूट नहीं होगी। ई-कामर्स कंपनियों को सिर्फ जरूरी सामान की आपूर्ति की ही अनुमति होगी।
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि इन दुकानों को खोलकर रखा जा सकता है लेकिन केंद्र और स्वास्थ्य विभाग के दिशा- निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। इसके अलावा दुकानों में सामाजिक दूरी का ध्यान रखना होगा। दुकानों में कर्मचारियों की संख्या भी 50 फीसदी रखनी होगी। दुकानों के कर्मचारियों को भी मास्क पहनकर रहना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सारी व्यापारिक गतिविधियां बंद पड़ी हैं। ऐसी स्थिति में शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्रों में सभी दुकानदारों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में हमने निर्णय लिया है कि कर्फ्यू की ढील तीन घंटे की जगह चार घंटे कर दिया है। अगर हालात ठीक रहे तो आने वाले समय में ढील और बढ़ेगी। इसके अलावा प्रदेश के लोगों को मॉर्निंग वॉक के लिए सुबह साढ़े पांच बजे से सात बजे तक का समय निर्धारित कर दिया है। सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले पिछले कुछ दिनों से हमारे सामने ज्यादा नहीं आए हैं। प्रदेश में पॉजिटिव मामलों की संख्या 40 तक पहुंची है। हमने जो एहतियात बरते हैं उससे ऐसा हो पाया है।
निजी अस्पतालों, क्लीनिकों के स्टाफ को पास की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कर्फ्यू के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ा है और तीन मई को लॉकडाउन खुलने के उपरांत आर्थिक गतिविधियां दोबारा शुरू करने को योजना बनाना महत्वपूर्ण है। जयराम ठाकुर ने उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और सीएमओ से वीडियो कांफ्रेंसिंग में कहा कि प्रदेश के बाहर फंसे लोगों को हर सहायता दें। प्रदेश वापस आने के इच्छुक लोगों को सुविधा दें। जयराम ठाकुर ने कहा कि उपायुक्त यह सुनिश्चित करें कि सभी निजी अस्पतालों तथा क्लीनिकों को सुचारु चलाया जाए और उनके स्टाफ को किसी कर्फ्यू पास की जरूरत नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खनन स्थलों से परियोजना क्षेत्रों तक निर्माण सामग्री ले जाने वाले ट्रकों की अंतर जिला आवाजाही को स्वीकृति प्रदान करने का निर्णय लिया है। वहीं मुख्य सचिव अनिल खाची ने कहा कि अन्य राज्यों से प्रदेश पहुंचने वाले लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए। प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए अन्य राज्यों के जिला दंडाधिकारियों द्वारा प्रदान पास स्वीकार्य होंगे।