शराब माफिया पर नकेल कसने को अब आबकारी विभाग ने अपनाया ये तरीका
शराब माफिया पर नजर रखने को आबकारी विभाग ने हर बाटलिंग प्लांट पर पैनी नजर रखने के लिए नए दिशा-निर्देश दिए हैं। हर बाटलिंग प्लांट में तैनात आबकारी एवं कराधान इंस्पेक्टर ट्रक के साथ सेल्फी खींचकर आंतरिक संवाद के लिए बने व्हाट्सएप ग्रुप में अपलोड करेगा।
ट्रक जैसे ही डीलर के यहां पहुंचेगा, वहां भी ट्रक की सेल्फी अपलोड होगी। शराब सप्लाई में लगे ट्रकों को जारी परमिट पर एक से अधिक फेरे लगाने वालों पर शिकंजा कसेगा। इतना ही नहीं, ट्रकों की निकासी के लिए दिन में तीन घंटे ही मिलेंगे।
सिरमौर में एक बाटलिंग प्लांट में पंजाब में बिकने वाली शराब के लेबल मिलने के बाद आबकारी आयुक्त ने यह आदेश दिए हैं। बाटलिंग प्लांट के औचक निरीक्षण के दौरान यह गड़बड़ी मिली है।
विभाग ने सेल्फी की व्यवस्था बनाने के साथ अपने सचल दस्तों को भी हर ट्रक के परमिट की जांच करने के आदेश दिए हैं। हर सेल्फी का मिलान प्लांट और डीलर के साथ होगा और उसके बाद स्टॉक जांच को औचक निरीक्षण होंगे।
तस्करी रोकने को मांगे पुलिस कर्मी
आबकारी विभाग शराब तस्करी को रोकने के लिए अलग से पुलिस व्यवस्था करने की तैयारी में है। राज्य पुलिस से जवान लिये जाने का प्रस्ताव है।
यह जवान दो वर्ष के लिए विभाग में प्रतिनियुक्ति पर रहेंगे। सचल दस्तों के अलावा आबकारी निरीक्षकों के अधीन यह पुलिस टीम कामकाज करेगी।