HP Politics: जयराम बोले- एआई समिट में हुई घटना कांग्रेस के असली चरित्र का प्रमाण
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दिल्ली स्थित हिमाचल सदन में एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले युवकों के ठहरने की खबरों पर चिंता जताई है।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दिल्ली स्थित हिमाचल सदन में एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले युवकों के ठहरने की खबरों पर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्र और दिल्ली सरकार से इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है। सोमवार को मंडी से जारी प्रेस बयान में नेता प्रतिपक्ष ने इस घटनाक्रम को कांग्रेस के असली चरित्र का प्रमाण बताते हुए कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि सरकारी संपत्ति का उपयोग देश के शीर्ष नेतृत्व के विरुद्ध गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके इशारे पर इन प्रदर्शनकारियों को सदन में ठहराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ साजिश रचने वालों को न केवल हिमाचल सदन में पनाह दी गई, बल्कि वहां पैसों का अवैध लेन-देन तक होने की सूचनाएं हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को जवाब देना होगा कि आखिर सरकारी अतिथि गृह साजिश का अड्डा कैसे बन गया। पुलिस की जांच में हिमाचल सदन का नाम आना यह दर्शाता है कि सत्ता के संरक्षण में नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। उन्होंने कहा कि हिमाचल का मंत्रिमंडल आजकल कांग्रेस हाईकमान, हारे नकारे और भ्रष्ट नेताओं का मार्गदर्शन लेने निकला है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू अगर चाहते तो वित्तीय मदद के लिए प्रधानमंत्री से मिल सकते थे लेकिन इन्हें तो राजनीति करनी है और गांधी परिवार के दबाव में आकर प्रधानमंत्री को गाली देना ही इनका एकमात्र काम रह गया है।
युवा चेंजमेकर्स में हिमाचल से 15 हजार पंजीकरण की अपेक्षा : अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी, पुणे में आयोजित 15वें भारतीय छात्र संसद के समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से सत्यनिष्ठा और स्पष्ट उद्देश्य के साथ कैंपस से कैबिनेट तक पहुंचने का आह्वान किया। तीन दिवसीय इस वार्षिक सम्मेलन में देशभर के 450 से अधिक विश्वविद्यालयों से आए हजारों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिन्हें अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रेरणादायक संबोधन दिया।अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में भारत की गौरवशाली लोकतांत्रिक विरासत का स्मरण करते हुए आपातकाल के दौरान हुए जेपी आंदोलन से लेकर विभिन्न कैंपस आंदोलनों का उल्लेख किया, जहां लोकतांत्रिक चेतना का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि भारतीय कैंपसों को पुनः लोकतांत्रिक मूल्यों, संस्थागत समझ और वास्तविक जीवन के अनुभव को एक साथ विकसित करना होगा, ताकि छात्र न केवल शासन पर प्रश्न करना सीखें, बल्कि यह भी समझें कि संसद कैसे कार्य करती है, नीतियां कैसे बनती हैं, बजट कैसे पारित होता है और कानून अंतिम व्यक्ति तक किस प्रकार प्रभाव डालते हैं। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में हाल ही में प्रारंभ किए गए युवा चेंजमेकर्स नेतृत्व विकास कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन के अनुरूप है, जिसके तहत गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से एक लाख युवाओं को सार्वजनिक जीवन और राजनीति में लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने इसे कैंपस से समुदाय और अंततः कैंपस से कैबिनेट तक की संरचित यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से 15,000 से अधिक युवाओं के पंजीकरण की अपेक्षा है, जिनमें से शीर्ष 21 फेलो को प्रत्येक को 1.21 लाख रुपये की स्टाइपेंड, प्रशिक्षण, बूट कैंप और फील्ड एक्सपोजर प्रदान किया जाएगा।
