Shimla News: जेओए आईटी अभ्यर्थियों से मिले जयराम ठाकुर, बोले- काम रोकने में सुक्खू को आता है मजा
क्रमिक अनशन पर बैठे जेओए (आईटी) पोस्ट कोड 817 और ड्राइंग मास्टर पोस्ट कोड 980 अभ्यर्थियों से शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ठाकुर ने मुलाकात की।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में 9 फरवरी से भर्ती के परिणाम को घोषित किए जाने की मांग को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे जेओए (आईटी) पोस्ट कोड 817 और ड्राइंग मास्टर पोस्ट कोड 980 अभ्यर्थियों से शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ठाकुर ने मुलाकात की। कई भाजपा विधायक भी मौजूद रहे। नेताओं ने आंदोलन का समर्थन किया और सदन में उनकी इस मांग को प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा सत्र के पहले दिन भी उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण के बाद जेओए आईटी और ड्राइंग मास्टर सहित अन्य रुकी भर्तियों के परिणाम को घोषित करने का मामला उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बेवजह रिजल्ट को लटका रहे हैं, उन्हें काम रोकने में मजा आता है। पांच साल में पांच लाख नौकरी देने की उनकी गारंटी फेल साबित हो रही है। भर्ती के परिणाम क्यों रोके गए हैं। इसका सरकार के पास कोई जवाब नहीं है।
अब तो सर्वोच्च न्यायालय ने भी भर्ती के परिणाम घोषित करने के लिए कह दिया है। तीन माह की समय सीमा भी समाप्त होने जा रही है। बावजूद सरकार भर्ती के परिणाम घोषित नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विजिलेंस जांच का बहाना बना रही है, जबकि इस पर ली गई कानूनी राय में विजिलेंस केस में नामजद सात अभ्यर्थियों को छोड़कर सभी परिणाम घोषित करने को कहा था। बहुत से ऐसे अभ्यर्थी है, जिन्होंने लिखित परीक्षा और टाइप टेस्ट तक पास किया है, वे अब ओवरएज होने जा रहे हैं। नतीजा न निकला, तो उनके हाथ से नौकरी का अंतिम मौका भी चला जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार से इन रुके परिणामों को जल्द घोषित करने की मांग की। चंदन, सुकेश, धीरज, हर्ष, राजपाल, सुनील कुमार, शिवाली, रुचिका ने जयराम ठाकुर और विधायकों को पूरा मामला और अपनी परेशानी से अवगत करवाया ।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.