440 करोड़ के 13 उद्योगों को जयराम सरकार की हरी झंडी, 1025 लोगों को मिलेगा रोजगार
हिमाचल के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में रेल के पुर्जे, रबड़ उत्पाद और कांगड़ा के इंदौरा में पिस्तौल, राइफल और ग्रेनेड लांचर बनेंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई राज्य एकल खिड़की स्वीकृति एवं निगरानी प्राधिकरण की बैठक में इसके लिए हरी झंडी दी गई। नए औद्योगिक उपक्रमों के 13 प्रस्तावों और वर्तमान इकाइयों के विस्तार को बैठक में स्वीकृति दी।
इसमें लगभग 440.34 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित हैं। इससे लगभग 1025 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा निर्माण क्षेत्र में 249.50 करोड़ रुपये के 11 प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। जिन्हें कांगड़ा, सिरमौर, बिलासपुर, सोलन, ऊना और शिमला में स्थापित किया जाएगा। प्राधिकरण ने इंजेक्शन की शीशियां निर्मित करने के लिए सोलन जिले के बद्दी में मैसर्ज शौट कैशा लिमिटेड, चंबाघाट में टीकों के निर्माण के लिए मैसर्ज वैक्सीजन लाइफ साइंसेज,
पांवटा साहिब तहसील में रेल उत्पाद तैयार करने के लिए मैसर्ज फ्रंटियर एलॉय स्टील्ज लिमिटेड, बद्दी में मलहम उत्पादन के लिए औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए मैसर्ज मैट्रोक्राफ्ट, बद्दी में ही औषधीय निरूपण के लिए मैसर्ज प्रोस्पैरिटी ड्रग्ज प्राइवेट लिमिटेड, कांगड़ा की इंदौरा तहसील में पिस्तौल, राइफल और ग्रेनेड लांचर निर्माण के लिए मैसर्ज अमर हाईटेक इंजीनियरिंग इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड, कांगड़ा के ही प्रेई गांव में दूध, सेब, नाशपाती, पलम व आलू के प्रसंस्करण के लिए मैसर्ज ग्रेट हिमालयन फार्म फ्रेश को मंजूरी दी।
अंबुजा कंपनी अर्की प्लांट में करेगी विस्तार
इसके अलावा ऊना की हरोली तहसील में लाल चुकंदर पाउडर, गाजर पाउडर, टमाटर पाउडर, मिर्च के पेस्ट के उत्पादन के लिए मैसर्ज निज्जर फाइटोकैम, ऊना के अंब में ऐसेप्टिक जूस के उत्पादन के लिए मैसर्ज ऐमिगो फूड एंड बिवरेजिज, ऊना के ही जीतपुर बेहरी औद्योगिक क्षेत्र में आलू वैफर और स्नैक्स के उत्पादन के लिए मैसर्ज हिम वैली फूड्स को मंजूरी दी है।
बैठक में उद्योग विभाग के निदेशक हंसराज शर्मा, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार, प्रधान सचिव आेंकार शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के महाप्रबंधक जेपी कालटा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक मौजूद रहे।
बैठक में जिन विस्तार प्रस्तावों को स्वीकृति मिली, उनमें सोलन के अर्की में क्लींकर और ऊर्जा उत्पादन के लिए मैसर्ज अंबुजा सीमेंट लिमिटेड, सिरमौर की नाहन तहसील के तहत मोगीनंद गांव में बिना बुने कपड़े के उत्पादन के लिए औद्योगिक इकाई स्थापित करने के प्रस्ताव शामिल हैं।