बैंक खुद पहुंचाएगा आपके घर पैसा, यहां जानिए पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहली सितंबर से बैंकिंग सेवाओं का स्वरूप पूरी तरह बदलने वाला है। अब बैंक में पैसा जमा करने और निकासी के लिए आपको बैंक या एटीएम नहीं जाना होगा। बैंक से संबंधित सभी सेवाओं के लिए बैंक आपके घर द्वार आएगा।
डाक विभाग पहली सितंबर को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का शुभारंभ करने जा रहा है। गेयटी थियेटर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सूबे के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होंगे।
निदेशक डाक विभाग दिनेश कुमार मिस्त्री ने वीरवार को जीपीओ में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि ग्रामीण इलाकों में लोग इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से डाकियों के जरिये बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
पहली सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक सेवा का उद्घाटन करेंगे। ‘आपका बैंक आपके द्वार’ मिशन के तहत इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक पूरे देश में घर-घर बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने में सक्षम होगा।
उन्होंने कहा कि आईपीपीबी के तहत गांव के लोगों को बचत खाता, चालू खाता, मनी ट्रांसफर और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के अलावा बिल, यूटिलिटी एवं व्यापारिक भुगतान जैसी अनेक सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। इस मौके पर प्रवर अधीक्षक डाकघर बलीराम सिस्टा भी मौजूद रहे।
दावा - सबसे आसान, किफायती और भरोसेमंद बैंक
निदेशक डाक विभाग दिनेश कुमार मिस्त्री और सहायक चीफ पोस्ट मास्टर जनरल विशन सिंह ने बताया कि आम आदमी के लिए यह देश का सबसे आसान, किफायती और भरोसेमंद बैंक होगा। इससे बैंकों की पहुंच से बाहर की आबादी अथवा उन लोगों को लाभ होगा
जिन्हें कभी कभार बैंकिंग सेवा प्राप्त होती है। अशिक्षित व्यक्ति भी इस प्रणाली का आसानी से उपयोग कर सकेगा। इसमें खाताधारक को अपना खाता अथवा पिन नंबर आदि याद रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सारा लेन देन केवल क्यूआर कोड को पीओएस मशीन में डालने और अंगुली रखने मात्र से हो जाएगा। डाक विभाग के तत्वावधान में स्थापित आईपीपीबी में सरकार की सौ फीसदी पूंजी लगी है।
आधार कार्ड और पैन नंबर दे खोलें जीरो बैलेंस खाता
बैंक काउंटर सेवाओं के अलावा माइक्रो एटीएम, मोबाइल बैंकिंग एप, मेसेज और इंटरेक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम (आइवीआरएस) जैसे माध्यमों से सेवाएं देगा। आईपीपीबी के खाते में अधिकतम एक लाख रुपये जमा कराए जा सकेंगे।
राशि इससे अधिक हो जाती है तो उस सूरत में भी ग्राहकों को पूरा लाभ मिलेगा। डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में जीरो बैलेंस पर खाता खोला जा सकता है। सिर्फ आधार कार्ड और पैन नंबर देने पर बायोमैट्रिक तरीके से खाता खोला जाएगा।
डाक विभाग जीपीओ के बाहर बूथ लगा कर बीते चार दिनों से लोगों के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक खाते खुलवा रहा है। अब तक पूरे प्रदेश में करीब साढ़े चार हजार खाते खोले जा चुके हैं।