HRTC BOD: 300 परिचालक भर्ती होंगे, कर्मियों को दिवाली पर मिलेगा डीए, नहीं बढ़ेगा बसों का न्यूनतम किराया
एचआरटीसी कर्मचारियों व पेंशनरों को दिवाली के दौरान लंबित डीए का भुगतान किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में न तो बस किराया बढ़ेगा न ही एचआरटीसी के रियायती कार्ड महंगे होंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के निदेशक मंडल की बैठक में बस यात्रियों पर कोई अतिरिक्त बोझ न डालने का फैसला लिया है। निदेशक मंडल ने निगम में 300 कंडक्टरों की भर्ती और दिवाली से पहले सभी 12,000 कर्मियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ते के तौर पर तीन करोड़ जारी करने का निर्णय लिया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को पर्यटन निगम के होटल होलीडे होम में हुई निदेशक मंडल की बैठक में फैसला लिया कि सितंबर 2023 तक अनुबंध काल पूरा करने वाले 400 कर्मी नियमित होंगे।
निगम कर्मियों की सेवानिवृत्ति पर लीव इन कैशमेंट के तहत भुगतान होगा। पहले चरण में 7.60 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। निगम के 7,000 कर्मियों को पुरानी पेंशन का लाभ मिलेगा। करुणामूलक आधार पर भर्ती को भी निदेशक मंडल ने मंजूरी दी। एचआरटीसी की लगेज पाॅलिसी में कोई बदलाव नहीं होगा। सामान लाने और ले जाने के लिए बसों को कुरियर के तौर पर इस्तेमाल करने वालों को हर हाल में किराया देना होगा। यात्री अब 24 घंटे निगम की 1,100 हेल्पलाइन पर शिकायत कर सकेंगे। वोल्वो बसों में फीडबैक सेवा भी शुरू की गई है।
निगम की कमाई बढ़ाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधकों और मंडलीय प्रबंधकों का मासिक रिपोर्ट कार्ड बनेगा। खर्चे घटाओ, कमाई बढ़ाओ की नीति पर काम होगा। निगम के अधिकृत 99 ढाबों में साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और शौचालयों की सुविधाएं जांचने के लिए फूड कमेटी निरीक्षण करेगी। बस अड्डों में जीपीएस के जरिये बसों की लोकेशन जांचने की सुविधा मिलेगी। जनजातीय क्षेत्रों में निगम कर्मी 3 साल से अधिक सेवाएं नहीं दे सकेंगे। निगम के बेड़े में 50 और वोल्वो जुड़ेंगी। निगम इन बसों की खरीद करेगा या वैट लीजिंग पर ली जाएंगी यह फैसला बाद में होगा।
तीन माह में निगम की बसें होंगी कैशलेस, अच्छा संदेश देते विज्ञापन दिखेंगे
तीन महीने के भीतर निगम की सभी बसें कैशलेस हो जाएंगी। यात्री अपने एटीएम और डेबिट कार्ड से भी किराया चुका सकेंगे। निगम की बसों में सिर्फ ऐसे विज्ञापन लगेंगे जो अच्छा संदेश देते हों, नशे और अश्लीलता वाले विज्ञापन नहीं लगेंगे।
धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा योजना शुरू होगी
हिमाचल सरकार श्रद्धालुओं को अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में रामलला के दर्शन करवाएगी। धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा योजना के तहत एचआरटीसी अयोध्या के लिए सीधी और सस्ती बस सेवा शुरू करेगा। पूरी बस की बुकिंग होने पर 10 फीसदी की छूट दी जाएगी। शिमला के प्रसिद्ध मंदिरों के अलावा खाटूश्याम, वृंदावन, व्यास, अमृतसर और हरिद्वार के लिए भी स्पेशल बसें चलेंगी। यह फैसला उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने लिया है। मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को एचआरटीसी निदेशक मंडल की बैठक के बाद बताया कि बड़ी संख्या में हिमाचल के राम भक्त अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में रामलला के दर्शन करना चाहते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकार ने प्रथम दर्शन सेवा शुरू की है। पहली प्रथम दर्शन बस के लिए धर्मशाला-चिंतपूर्णी-ज्वालाजी-धर्मशाला रूट तय किया गया है। प्रदेश के भीतर और बाहर करीब 100 धार्मिक स्थलों के लिए बस सेवा संचालित होगी। मौजूदा समय में हरिद्वार सहित अन्य धार्मिक स्थलों के लिए चल रही निगम की बसों के रूट पुन: निर्धारित होंगे और इनका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। एचआरटीसी की स्वर्ण जयंती पर सालभर कार्यक्रम आयोजित होंगे।