एचपीयू में लाठीचार्ज, 300 छात्र गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एससीए चुनाव पर रोक के बाद एचपीयू में तनाव बढ़ गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारी एसएफआई के करीब 300 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। इन्हें शहर के विभिन्न थानों में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए सभी कार्यकर्ता एसएफआई के हैं। इनमें 50 से अधिक छात्राएं भी हैं जिन्हें न्यू शिमला थाना में ले जाया गया है। वहीं, विवि परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिए हैं। यहां तनाव इतना बढ़ गया है कि अभी तक कक्षाएं शुरू नहीं हुई है।
पिछले दो दिन से यहां तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस की एकाएक कार्रवाई के बाद दूसरे छात्र भी विवि परिसर नहीं आ रहे हैं। पढ़ाई ठप होने के बाद यहां तनातनी बढ़ गई है।
देर रात गिरफ्तार की छात्राएं
जानकारी के अनुसार देर रात पुलिस ने अनशन पर बैठी छात्राओं को गिरफ्तार कर लिया। एसएफआई की ये छात्राएं पिछले कई दिन से एससीए चुनाव पर रोक लगाने और फीस वृद्घि के खिलाफ क्रमिक अनशन पर बैठी थी।
एसएफआई का आरोप है कि शांतिपूर्ण ढंग से अनशन कर रही इन छात्राओं को पुलिस ने देर रात बेवजह पीट दिया। इसके बाद इन्हें गिरफ्तार कर ले गई। सुबह के समय जैसे ही छात्र बसों में भरकर हॉस्टल से एचपीयू पहुंचे कि यहां तैनात पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद सभी को शहर के बालूगंज, न्यू शिमला, छोटा शिमला और ढली थाने भेज दिया गया है। इससे पहले वीरवार को विवि परिसर में धारा 144 लागू की गई थी।
सात अफसरों दे दिए थे इस्तीफे
इससे पहले वीरवार को विवि में बिगड़े माहौल से खफा मुख्य प्रशासनिक पदों पर कार्य कर रहे विवि के सात वरिष्ठ अधिकारियों ने कुलपति को इस्तीफे सौंप दिए थे। इनका कहना था कि माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है।
उधर, एसएफआई का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। इकाई सचिव पुनीत धांटा का कहना है प्रशासन आंदोलन को दबाने के लिए जितना दम लगा ले लेकिन अब छात्र पीछे नहीं हटेंगे।