HP Panchayat Election: 1 दिसंबर तक तैयारी होगी मतदाता सूची, अब तक राज्य में 55 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत
पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग का दावा है कि 1 दिसंबर तक सभी पंचायतों व शहरी निकायों की मतदाता सूचियां तैयार करेगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग शुक्रवार तक 3,577 पंचायतों में से 3,548 पंचायतों और 70 शहरी निकायों की मतदाता सूचियां तैयार कर ली हैं। हिमाचल प्रदेश में आयोग की ओर से तैयार की गई मतदाता सूचियों में 55,19,709 मतदाता पंजीकृत हुए हैं, जिनमें से 27,26,548 महिला व 27,93,161 पुरुष मतदाता हैं। राज्य निर्वाचन आयोग का दावा है कि 29 पंचायतों की मतदाता सूची 1 दिसंबर तक तैयार की जाएगी। यह पंचायतें जिला हमीरपुर के बमसन की है। इन पंचायतों में सूची बनाने का काम जारी है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने उक्त मतदाता सूचियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। कोई भी व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम आयोग की वेबसाइट तथा वोटर सारथी एप के माध्यम से जांच कर सकता है। मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करने के लिए 1 अक्तूबर 2025 को अहर्ता तिथि घोषित की गई थी। ऐसे युवा जो 1 अक्तूबर 2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वह मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए योग्य हैं। यदि अंतिम मतदाता सूची में किसी पात्र व्यक्ति का नाम सम्मिलित नहीं है तो वह भी अपना नाम शामिल करने के लिए संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त के कार्यालय में निर्धारित प्रारूप पर दोहरी प्रति में दो रुपये का शुल्क अदा कर निर्वाचन का कार्यक्रम जारी होने तक आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
इसी तरह यदि किसी व्यक्ति का नाम नगर पंचायत, नगर परिषद, नगर निगम की मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है तो वह मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित करने के लिए संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उप मंडलाधिकारी के कार्यालय में निर्वाचन का कार्यक्रम जारी होने तक निर्धारित प्रारूप पर दोहरी प्रति में 50 रुपये का शुल्क अदा कर आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची तैयार की गई है। इसमें शिमला नगर निगम और अन्य तीन निकायों के मतदाता की सूची नहीं है। कुछ विवाद के चलते निकायों की सूची तैयार नहीं की गई है।