खुशखबरी! सरकार ने खोला नौकरियों का पिटारा, 600 पदों पर भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकारी नौकरी में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में बुधवार को राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में बंपर भर्ती की घोषणा कर दी।
कैबिनेट ने राजस्व, स्वास्थ्य, नार्कोटिक्स, शिक्षा, वन, पशुपालन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बीबीएन डवलपमेंट अथॉरिटी समेत कई विभागों में विभिन्न श्रेणी के 600 से ज्यादा को भरने की मंजूरी दी है।
इनमें भू-अभिलेख नियमावली में संशोधन कर हर 6 पटवार सर्किलों पर एक कानूनगो सर्किल सृजित होगा। इसके लिए प्रदेश में कानूनगो के 154 पद सृजित होंगे। इन पदों के लिए जल्द ही आवेदन मांगकर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इन विभागों में भी खुला नौकरियों का पिटारा
इसके अलावा बैठक में रेवेन्यू रिकॉर्ड रूम्स को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों के 148 पदों को भरने को भी मंजूरी दे दी है। मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान नेशनल हेल्थ मिशन के जरिये हेल्थ सोसाइटी के विभिन्न श्रेणी के 175 पदों को भरने की मंजूरी दी।
इसके अलावा नगरोट बगवां स्थित राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में टेक्निकल फैकल्टी के 21 पद सृजित कर भरने, वन विभाग व पशुपालन विभाग में स्टेनो टाइपिस्ट के 12 व 6 पद भरने की अनुमति दी गई।
यहां भी मिला सरकारी नौकरी का मौका
इसके अलावा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के इंस्टीट्यूट फार चिल्ड्रेन विद स्पेशल एबिलिटीज में विभिन्न श्रेणी के 5 खाली पदों को भरने, बीबीएनडीए में 2 जूनियर आफिस असिस्टेंट (आईटी) के पद भरे जाएंगे।
आईपीआर में दो सब एडिटर के पद, पशुपालन विभाग में दो जूनियर आफिस असिस्टेंट के पद सृजित कर भरने व दो स्टेटिस्टिकल असिस्टेंट के पद भरने की मंजूरी दी। इन पदों के लिए संबंधित विभागों की ओर से अब जल्द ही नोटिफिकेशन जारी होगी।
आईटी, विजिलेंस में भी नौकरियां
वहीं, तकनीकी शिक्षा विभाग के नवगठित आईटीआई मशोबरा में सुपरिंटेंडेंट का एक पद व इंस्ट्रक्टर आईटी लैब का एक पद सृजित करने, जुंगा फारेंसिक लैब में दो साइंटिफिक असिस्टेंट के पद भरने, गृह व विजिलेंस विभाग में सीनियर असिस्टेंट के पदों को सुपरिंटेंडेंट के पद पर अपग्रेड करने और अटल बिहारी वाजपेयी माउंटेनीरिंग इंस्टीट्यूट मनाली में विभिन्न श्रेणी के 21 पदों को भरने की मंजूरी शामिल हैं।
नार्को कंट्रोल यूनिट में भी 57 पदों पर भर्ती
मंत्रिमंडल ने स्टेट नार्कोटिक्स ड्रग्स साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस क्राइम कंट्रोल यूनिट(एसएनसीसी) में 57 पद सृजित करने भरने को मंजूरी दी है। इस भर्ती के होने के बाद प्रदेश में एसएनसीसी की फील्ड यूनिटें प्रभावी तरीके से ड्रग्स संबंधी कानूनों को लागू कर सकेंगी। साथ ही बढ़ते नशे के कारोबार को रोकने में भी मदद मिलेगी।
कानूनगो की जल्द भर्ती की तैयारी
राजस्व संबंधी कार्यों के लिए कई कोस दूर स्थित कानूनगो कार्यालय का महीनों चक्कर काटने से लोगों को राहत मिलने जा रही है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने लोगों की इस समस्या को दूर करते हुए एक बड़ा निर्णय लिया है। निर्णय के तहत अब हर छह पटवार सर्किल के ऊपर एक कानूनगो सर्किल होगा।
अभी तक बारह से पंद्रह पटवार सर्किल एक कानूनगो सर्किल के अंदर आते थे। बड़े कानूनगो सर्किल की वजह से लोगों को राजस्व संबंधी अपने परेशानियों के निवारण के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब लोगों को आसानी से कानूनगो उपलब्ध हो जाया करेंगे।
बेहतर होगी कौशल विकास के बाद नौकरी दिलाने की योजना
हिमाचल में आरक्षित एवं कमजोर वर्गों के लोगों को कौशल विकास के बाद नौकरी दिलाने की योजना को अधिक मजबूत किया जाएगा। इस संबंध में मंत्रिमंडल ने सुजोग (स्किल अपग्रेडेशन विद जॉब एंड आउटसोर्सिंग) योजना के तहत संशोधन को भी मंजूरी प्रदान कर दी।
इस योजना में शामिल होने के लिए कई औद्योगिक इकाइयां निदेशक अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक मामले में खुद को पंजीकृत कर रही हैं। मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को बेहतरीन तरीके से लागू करने पर चर्चा हुई। इसमें प्रशिक्षण शुल्क और अन्य तमाम मसलों पर चर्चा की गई।
लोकायुक्त नियमों को भी मंजूरी दी कैबिनेट ने
राज्य मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश लोकायुक्त (सेवाएं की शर्तें) नियम-2016 को भी स्वीकृति दी है। प्रदेश विधानसभा से पारित किए गए लोकायुक्त विधेयक के नियमों को मंजूरी दी गई। इसमें तमाम जनसेवकों पर की जाने वाली कार्रवाई के बारे में एक्ट को अधिक स्पष्ट किया गया है।