Himachal Weather Update : ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, कुल्लू और लाहौल में हिमस्खलन का अलर्ट
प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच पांच जिलों लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर, चंबा, सिरमौर में पहाड़ों पर बर्फबारी और शिमला-कांगड़ा समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में यलो अलर्ट के बीच पांच जिलों लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर, चंबा, सिरमौर में पहाड़ों पर बर्फबारी और शिमला-कांगड़ा समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई। कई स्थानों पर शुक्रवार दोपहर बाद से शुरू हुआ बारिश-बर्फबारी का दौर शनिवार को भी जारी रहा। इससे प्रदेश में ठंडक बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: King Cobra: गेहूं के खेत में मिला 10 फीट लंबा किंग कोबरा, वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा, वीडियो
जलोड़ी जोत पर बर्फबारी से एनएच 305 आनी-कुल्लू वाहनों की आवाजाही के लिए ठप हो गया है। अटल टनल रोहतांग से आवाजाही हो रही है। कुल्लू, लाहौल चंबा, किन्नौर सहित जम्मू-कश्मीर में हिमखंड गिरने का अलर्ट जारी हुआ है।
इतने दिन खराब रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 16 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं 17, 19 और 20 मार्च को लाहौल और स्पीति और किन्नौर और चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 18 और 21 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

लाहौल-स्पीति में बर्फबारी ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। लाहौल-स्पीति में 104 से अधिक सड़कें व 32 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद हैं। शुक्रवार रात से किन्नौर जिले के ऊपरी इलाकों में हल्का हिमपात और निचले इलाके में बारिश का क्रम जारी है। छितुकल, रक्षम, नेसंग, हांगो, चुलिंग, रोपा, सुमरा और शलखर में 10 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ है। छितकुल के लिए बस सेवा ठप हो गई है। नाथपा में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर अपराह्न 4:30 बजे पहाड़ी से चट्टानें आ गिरीं, जिससे यातायात करीब आधा घंटा ठप रहा। सिरमौर जिला के धार्मिक एवं पर्यटन स्थल चूड़धार में हिमपात हुआ, जबकि अन्य इलाकों में बूंदाबांदी हुई। कांगड़ा में धौलाधार पर्वत की पहाड़ियां हिमपात से सफेद हो गई हैं। कुल्लू में भी ऊपरी क्षेत्रों और चंबा के पांगी में भी बर्फबारी हुई है।
प्रमुख स्थानों का न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 5.6, सुंदरनगर 11.9, भुंतर 8.4, कल्पा 1.2, ऊना 11.5, नाहन 11.1, केलांग -2.1, पालमपुर 10.0, सोलन 9.0, मनाली 5.2, मंडी 12.6, चंबा 10.4, डलहाैजी 5.5, कुकुमसेरी -2.6, भरमाैर 5.7, सेऊबाग 6.8, धाैलाकुआं 15.2, बरठीं 12.4, पांवटा साहिब 10.0, सराहन 4.8, ताबो -0.8 व देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पांगी में दो मंजिला मकान की छत से बर्फ हटाते गिरा व्यक्ति, पालकी में उठाकर सड़क तक पहुंचाया
जनजातीय क्षेत्र पांगी में दो मंजिला मकान की छत से बर्फ हटाते वक्त संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। 37 वर्षीय शाम सिंह पुत्र दुर्गा दास निवासी पुंटों शुक्रवार शाम करीब 6:00 बजे बर्फ हटाते समय मकान की छत से गिर गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में परिजन और ग्रामीण व्यक्ति को पालकी में उठाकर छह किलोमीटर तक बर्फ में पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाया। जहां से आगे नाै किलोमीटर गाड़ी के जरिये उसे सीविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कुल्लू अस्पताल के लिए रेफर किया गया। भारी बर्फबारी के बाद भी हालात सामान्य नहीं होने से अब रेफर मरीज के लिए हेलीकॉप्टर ही राहत प्रदान कर सकता है। परिजनाें ने पांगी प्रशासन से हेलीकॉप्टर के जरिये मरीज को एयर लिफ्ट करने की मांग उठाई है।
चंबा के उरेई-सांबरा मार्ग पर दरकी पहाड़ी, पुल क्षतिग्रस्त, वाहनों की रफ्तार थमी
चंबा जिले के उरेई-सांबरा मार्ग पर भारी भूस्खलन से मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई। गनीमत, ये रही कि पहाड़ी दरकने से अचानक गिरे टनों के हिसाब से मलबे की चपेट में वहां से गुजर नहीं गाड़िया नहीं आईं। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि पहाड़ी दरकने से नया बनाया गया पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता भाल चंद ने बताया कि शनिवार सुबह 10:30 बजे पहाड़ दरका है। इसके बाद टीमों को माैके के लिए रवाना किया गया।
अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
ऊना 24.2
नाहन 23.3
बिलासपुर 22.9
कांगड़ा 19.9
मंडी 19.8
चंबा 15.3
धर्मशाला 14.0
शिमला 13.0
मनाली 7.9
कल्पा 3.3
केलांग 0.6
पांगी घाटी में भूकंप से कांपी धरती, कुछ घरों में दरारें
जनजातीय क्षेत्र पांगी में बर्फबारी के बाद शुक्रवार तड़के पांगी घाटी में भूकंप के झटके महसूस हुए। सहमे लोग घरों से बाहर निकल आए। पंगवाल एकता मंच के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने बताया कि पांगी में भूकंप के झटके लगने से कुमार पंचायत में कुछ घरों में दरारें आई हैं। इसे लेकर उन्होंने पांगी प्रशासन को अवगत करवाया है। साथ ही मांग की कि कुमार में प्रशासन की टीम भेजकर नुकसान की रिपोर्ट बनाई जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि कुमार पंचायत निवासी देवी चंद, हरि शरण, सतपाल, देवराज और सतपाल के घरों की दीवारों पर भूकंप से दरारें आई हैं। इस मामले में आवासीय आयुक्त पांगी से संपर्क नहीं हो पाया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.