Himachal Weather: रोहतांग, कुंजम दर्रा सहित हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, 20 नवंबर से मौसम साफ
जिला लाहौल-स्पीति व कुल्लू में पांच दिन बाद फिर मौसम ने करवट बदली है। 13,050 फीट ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे सहित लाहौल से स्पीति घाटी को जोड़ने वाले कुंजम पास में भी ताजा हिमपात हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, कुंजम दर्रा सहित कई ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। जिला लाहौल-स्पीति व कुल्लू में पांच दिन बाद फिर मौसम ने करवट बदली है। 13,050 फीट ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे सहित लाहौल से स्पीति घाटी को जोड़ने वाले कुंजम पास में भी ताजा हिमपात हुआ है। चंद्रभागा की ऊंची पहाड़ियों पर भी बर्फ गिरी है। शिगरी ग्लेशियर, घेपन पीक, बारालाचा और शिंकुला दर्रा में भी बर्फबारी हुई है। राज्य के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं। प्रदेश में घाटी में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में पूरे दिन घने बादल छाए रहे। लाहौल में कई स्थानों में रात को पानी के पाइपें भी जमने लगी हैं। नदी-नालों के किनारे भी पानी जमने लगा है। हालांकि खराब मौसम के बीच अटल टनल रोहतांग सहित सिस्सू और कोकसर में सप्ताहांत पर सैलानियों का जमावड़ा उमड़ा रहा। सैलानियों ने कोकसर में बर्फ के बीच मस्ती की। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में रविवार से 23 नवंबर तक मौसम साफ रहने के आसार हैं।
पांगी से चंबा पहुंचने के लिए लांघनी पड़ रहीं तीन राज्यों की सीमाएं
चंबा-भंजराडू-किलाड़ वाया साच पास मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद पड़ गया है। मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थमने से अब पांगीवासियों को तीन राज्यों की सीमाएं लांघ कर चंबा पहुंचना पड़ रहा है। चुराह उपमंडल के तहत काणों जोत पर वर्षभर बर्फ जमी रहती है। वहीं वाया साच पास मार्ग पर तीन से चार फीट बर्फ पड़ चुकी है। इसके चलते किलाड़-भंजराडू-चंबा मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो चुका है। मौसम के बदलते मिजाज के कारण इस बार नवंबर के शुरू में ही हिमपात हो गया है। इससे ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है।
कबायली क्षेत्र पांगी के लिए किलाड़-भंजराडू-चंबा मार्ग ही सुगम रहता है जो बर्फबारी के कारण बंद पड़ चुका है। हर वर्ष प्रशासनिक आदेशों के चलते 15 नवंबर के बाद साच पास मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद करवा दिया जाता है। इसके बाद 25 मार्च तक ही सड़क को दोबारा यातायात के लिए बहाल करवाने के प्रयास होते आए हैं। लिहाजा इस वर्ष नवंबर के आरंभ में ही बर्फबारी ने वाहन चालकों समेत पांगीवासियों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। योगेश कुमार, कपिल कुमार, नरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, लोकेश राज, रजनीश कुमार आदि ने बताया कि प्रशासन को पांगीवासियों की सहूलियत के लिए साच पास मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवाने के लिए समय रहते उचित प्रबंध करने चाहिए जिससे किसी के एकाएक बीमार होने पर उन्हें स्वास्थ्य सुविधा के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा तक पहुंचाया जा सके।