Himachal Weather Today: पहाड़ों में गिरे बर्फ के फाहे, बारिश से ठहरा जनजीवन, 19 सड़कें प्रभावित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
येलो अलर्ट के बीच गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल बरसे। रोहतांग समेत कुल्लू की ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। भारी बारिश होने के चलते कुल्लू-मनाली, मनाली-लेह नेशनल हाइवे समेत 19 सड़क मार्ग यातायात के लिए प्रभावित रहे। वहीं, कुमारसेन में भारी बारिश से सेब के बगीचों और संपर्क मार्गों को खासा नुकसान पहुंचा है। गुरुवार को नाहन, धर्मशाला, कांगड़ा, मंडी, सुंदरनगर, हमीरपुर और शिमला सहित कई जगह बारिश रिकार्ड हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के आसार जताए हैं। नौ सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
जिला कुल्लू में बुधवार से जारी मूसलाधार बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। मौसम में आए बदलाव से लाहौल घाटी के साथ मनाली में सुबह व शाम ठंड महसूस की जा रही है। मौसम खराब रहने से जिला में सेब का तुड़ान भी रुक गया है। जिला में करीब एक दर्जन मार्ग प्रभावित हो गए हैं। हमीरपुर जिले में वीरवार सुबह हुई बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश से सड़कों पर पानी जमा हो गया। चंबा जिले में सुबह से ही बारिश का क्रम जारी रहा। बारिश के चलते वासा-नड्डल मार्ग पर भूस्खलन होने से मार्ग बंद पड़ गया।
लगभग एक घंटे तक लगातार बारिश होने से नाहन में सड़कें पानी से भर गई। जिला कांगडा में भी तेज बारिश हुई। धर्मशाला के आसपास क्षेत्रों में लगभग तीन घंटे तेज बारिश हुई। थुरल बाजार बारिश के पानी से भर गया। खैरा में सुबह बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने से एसबीआई खैरा शाखा का सिस्टम भी प्रभावित हुआ। एटीएम सेवा भी बाधित रही। ऊना जिले में वीरवार दोपहर को करीब 20 मिनट के लिए हल्की बारिश हुई। मंडी में कुछ स्थानों पर हल्की तो कहीं भारी बारिश हुई। नेरचौक में भी पानी की निकासी की नालियां बंद होने से पानी खेतों, दुकानों और लोगों के घरों में घुस गया।