Himachal Weather Update: रोहतांग में हल्की बर्फबारी, धर्मशाला में बारिश, जानें तीन जून तक कैसा रहेगा मौसम
सोमवार को रोहतांग दर्रा सहित कई ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। कुल्लू में तेज अंधड़ चला। प्रदेश के कई क्षेत्रों में भी मंगलवार को बारिश के आसार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच सोमवार को रोहतांग दर्रा सहित कई ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। कुल्लू में तेज अंधड़ चला। कई जगह पेड़ों की टहनियां गाड़ियों पर गिर गईं। शहर में बिजली भी गुल रही। अंधड़ के बाद कुल्लू जिले के कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहे। बारिश नहीं होने से शहर के मौसम में उमस बढ़ गई है। प्रदेश के मैदानी जिलों में सोमवार को धूप खिली रही। ऊना में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार को जिला कांगड़ा में धर्मशाला में हल्की बारिश हुई।
लंज और नूरपुर में बारिश और अंधेरा छाने से लोगों को दिन में ही रात की स्थिति प्रतीत होने लगी। लंज और नूरपुर में दोपहर को हुई बारिश से कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई भी प्रभावित रही। मंडी जिले में सोमवार को दोपहर बाद बारिश और अंधड़ चलने से दिन में ही अंधेरा हो गया। मंडी, सरकाघाट, बल्ह, बलद्वाड़ा और सुंदरनगर में भारी बारिश हुई। कई जगह पेड़ गिर गए, टहनियां टूट गईं। जोगिंद्रनगर शहर में तेज बारिश के साथ अंधड़ भी चला। एसडीएम आवास के बाहर पेड़ की शाखाएं सड़क पर गिरने से राहगीर हादसे से बाल-बाल बच गए। बिजली की गर्जना के साथ अंधड़ भी चला।
पीएम मोदी के कार्यक्रम पर बारिश का साया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम पर बारिश का साया बना हुआ है। राजधानी शिमला का अधिकतम पारा 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से मौसम में उमस बढ़ गई है। इससे बारिश के आसार बढ़ गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया है कि मंगलवार को रिज मैदान, अनाडेल मैदान और जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बारिश की भी संभावना है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मंगलवार को बारिश के आसार हैं। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति में तीन जून तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
ऊना 38.6 23.4
कांगड़ा 34.9 22.3
नाहन 34.6 23.9
बिलासपुर 34.5 23.0
हमीरपुर 33.5 20.2
सोलन 32.5 18.5
धर्मशाला 32.0 22.2
चंबा 31.1 18.9
शिमला 27.1 17.8
कल्पा 23.0 9.6
केलांग 18.4 5.2