Himachal Weather Update: हिमाचल में अंधड़ से 13 मकान क्षतिग्रस्त, 183 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप
बारिश-बर्फबारी से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 15 डिग्री तक कमी दर्ज हुई है। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिली है। अंधड से 183 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में ब्लैकआउट हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में झमाझम बारिश और अंधड़ का दौर मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश के अधिकतम तापमान में 15 डिग्री तक कमी दर्ज हुई है। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिली है। अंधड से प्रदेश में 183 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में ब्लैकआउट हो गया है। सिरमौर जिले में सबसे अधिक 133, कुल्लू में 29 और मंडी में 21 ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। बारिश, अंधड़ के चलते कुल्लू, मंडी, शिमला, बिलासपुर और सिरमौर जिला में 13 कच्चे व पक्के मकान और छह गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। मनाली-लेह नेशनल हाईवे और दारचा-शिंकुला, कोकसर-ग्रांफू-काजा मार्ग पर आवाजाही बंद हो गई है। मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर मंडी के सात मील के पास भूस्खलन से मार्ग करीब 12 घंटे बाधित रहा।
सोमवार रात 10:00 बजे हाईवे बंद हो गया था, जिसे मंगलवार सुबह 10:00 बजे बहाल किया जा सका। पंडोह और हणोगी के बीच करीब 10 किलोमीटर तक लंबे जाम में एचआरटीसी और निजी बसों समेत सैकड़ों वाहन फंसे रहे। वाहनों को वाया कटौला-बजौरा मार्ग से भेजा गया। जिला मंडी में सुबह 11:00 बजे के करीब बिंद्राबणी के पास एंबुलेंस पर पत्थर गिरने से उसमें सवार जच्चा-बच्चा, एंबुलेंस चालक और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन) बाल-बाल बचे। प्रदेश में बुधवार को भी बारिश के आसार हैं। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में गुरुवार से मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 28 मई तक बारिश, अंधड़, ओलावृष्टि के आसार हैं। केलांग का न्यूनतम पारा 0.4 डिग्री तक पहुंच गया है। मंगलवार को रोहतांग में 15 और बारालाचा में 20 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड हुई। राजधानी शिमला में मंगलवार को दिन भर बारिश हुई। शाम 6 बजे के बाद बारिश में कमी आई। जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में मंगलवार को भी बर्फबारी हुई। यहां अभी तक चूड़धार में आधा फीट बर्फबारी हो चुकी है।
क्षेत्र बारिश (मिलीमीटर में)
चौपाल 67
नारकंडा 45
फागू 37
कुफरी 32
शिमला 30
मशोबरा 27
सोलन 19
मंडी 17
बिलासपुर 14
भुंतर 13
केलांग 11
डलहौजी 9
मनाली 8
तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
नाहन 31.9 16.9
कांगड़ा 25.5 16.2
ऊना 25.2 20.2
हमीरपुर 24.7 17.9
चंबा 24.0 15.4
धर्मशाला 22.0 13.2
बिलासपुर 20.0 21.0
सोलन 17.0 13.4
शिमला 12.4 9.8
केलांग 7.2 0.4
जून के पहले सप्ताह से शुरू होंगी प्री मानसून बौछारें
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में जून के पहले सप्ताह से प्री मानसून की बौछारें पड़ना शुरू होने का पूर्वानुमान है। केरल में एक जून को मानसून के प्रवेश करने के आसार हैं। इसी दौरान प्रदेश में प्री मानसून भी प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय रहा तो प्रदेश में 20 जून तक मानसून प्रवेश करेगा।