Himachal Weather: कुल्लू-लाहौल के ऊंचाई वाले भागों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, अटल टनल बंद, जानें मौसम पूर्वानुमान
प्रदेश के चंबा, लाहौल-सपीति, कुल्लू व किन्नौर जिले के ऊंचाई चाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है।
विस्तार
मौसम में आए बदलाव से हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। प्रदेश के चंबा, लाहौल-सपीति, कुल्लू व किन्नौर जिले के ऊंचाई चाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। बुधवार रात को हुई बर्फबारी से अटल टनल रोहतांग वाहनों के लिए 19 घंटे तक बंद रही। टनल बुधवार शाम 4:00 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 11:00 बजे तक बंद रही। पुलिस ने 11:00 बजे के बाद मात्र आपातकालीन फोर बाई फोर वाहनों के लिए अनुमति दी गई। पुलिस ने सोलंगनाला में बाकायदा बैरियर लगा दिया है। वहीं पर्यटकों को सोलंगनाला में ही बर्फ के बीच मस्ती करनी पड़ी।
बुधवार शाम से लेकर गुरुवार सुबह तक जिला कुल्लू के निचले इलाकों में भारी बारिश का दौर चलता रहा। कुल्लू में औट-बंजार-सैंज हाईवे में करीब 15 सेंमी ताजा बर्फबारी से बंद हो गया है। मनाली से केलांग मार्ग भी आपातकालीन फोर बाई फोर वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के लिए अवरूद्ध है। लाहौल में अभी 100 से अधिक संपर्क मार्ग बंद चल रहे हैं। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि सुबह 11:00 बजे के बाद सोलंगनाला से मात्र आपातकालीन वाहनों की अनुमति दी गई। उन्होंने सैलानियों व आम लोगों को बर्फ वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।गुरुवार शाम तक प्रदेश में 289 सड़कें और 284 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे।
#HimachalPradesh: Solanganala in Kullu District receives fresh #snowfall bringing the temperature down pic.twitter.com/qzkVti1cgQ
विज्ञापन विज्ञापन— DD News (@DDNewslive) March 14, 2024
चंबा जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात, शीतलहर बढ़ी
चंबा जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 5.08 से लेकर 25.4 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। मूसलाधार बारिश के चलते भरमौर-पठानकोट हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। वहीं, जिले के 12 मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। इससे वार्षिक परीक्षा देने वाले स्कूली विद्यार्थियों और लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। पांगी और भरमौर की ऊपरी चोटियों में 25.4 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं, चुराह उपमंडल ग्राम पंचायत जुनास के गांव सुईला में बुधवार देर रात 5.08 सेंटीमीटर बर्फबारी, चुराह के ऊपरी क्षेत्र जुनास, गुईला, देवीकोठी, टेपा व अन्य क्षेत्रों में 5.08 से लेकर 10.16 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ। मौसम के बदले मिजाज के कारण पूरा जिला एक बार फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया।
इस दिन से मौसम साफ रहने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज भी उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। वहीं, राजधानी शिमला में धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए रहे। 15 से 20 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 5.2, सुंदरनगर 7.3, भुंतर 6.0, कल्पा -0.5, धर्मशाला 10.0, ऊना 8.0, नाहन 12.5, केलांग -4.0, पालमपुर 7.2, सोलन 7.0, मनाली 1.2, कांगड़ा 11.1, मंडी 2.6, बिलासपुर 10.8, चंबा 9.2, डलहौजी 2.6, जुब्बड़हट्टी 8.0, कुफरी 1.6, कुकुमसेरी -0.6, नारकंडा -0.8, भरमौर 2.8, रिकांगपिओ 2.3, सेऊबाग 5.0, धौलाकुआं 11.1, बरठीं 8.6, पांवटा साहिब 14.0, सराहन 5.0 और देहरागोपीपुर में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
खाब पुल के पास पूह-कौरिक मार्ग पर पहाड़ी दरकने से यातायात ठप
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में खाब पुल के पास एनएच पांच पर पहाड़ी दरकने से यातायात ठप हो गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम को पूह-कौरिक मार्ग पर खाब पुल के समीप बड़ी-बड़ी चट्टानें आने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। इससे पूह खंड की कई पंचायतों का काजा-स्पीति से सड़क संपर्क कट गया। क्षेत्र के लोगों को आवाजाही करने में परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 26.7, मंडी में 26.4, कांगड़ा में 25.4, चंबा में 23.8, सुंदरनगर में 24.9, भुंतर में 22.3, धर्मशाला में 22.9, सोलन में 22.0, नाहन में 23.6, शिमला में 16.2, मनाली में 15.2, कल्पा में 10.6 और डलहौजी में 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।