Himachal Weather: कुछ भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, सात स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में
प्रदेश के कुछ भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के सभी भागों में 21 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहने के आसार हैं। 22 दिसंबर को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 22 व 23 दिसंबर को मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 24 दिसंबर से मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
उधर, प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। सुबह-शाम ठिठुरन अधिक है। राज्य के सात क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। जबकि मनाली व सुंदरनगर में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। सोमवार को राजधानी शिमला व अन्य भागों में मौसम साफ रहा। उधर, कुल्लू-मनाली के अलावा शिमला, चायल, कसौली, डलहौजी में क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए अभी से होटलों की एडवांस बुकिंग हो गई है। उत्तर रेलवे ने पर्यटकों की सुविधा के लिए सोमवार से कालका से शिमला के लिए एक और स्पेशल ट्रेन शुरू कर दी है।
ऊना, चंबा, सोलन, मंडी का रात का पारा शिमला से ठंडा
प्रदेश के गर्म व मैदानी इलाकों में कोहरा पड़ने से न्यूनतम तापमान शिमला से भी कम है। ऊना, चंबा, सोलन, मंडी समेत अन्य इलाकों का रात का पारा शिमला से ठंडा चल रहा है। पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
न्यूनतम तापमान(डिग्री सेल्सियस में)
शिमला 4.0
सुंदरनगर 0.5
भुंतर -0.6
कल्पा -3.0
धर्मशाला 5.2
ऊना 3.0
नाहन 7.3
पालमपुर 2.5
सोलन 1.0
कांगड़ा 4.1
मंडी 0.3
चंबा 2.4
डलहौजी 4.2
जुब्बड़हट्टी 5.8
कुफरी 1.4
कुकुमसेरी -8.2
नारकंडा -0.6
रिकांगपिओ -0.5
सेऊबाग -0.5
समदो -6.4
अधिकतम तापमान(डिग्री सेल्सियस में)
शिमला 13.5
सुंदरनगर 21.0
भुंतर 19.5
कल्पा 9.9
धर्मशाला 20.0
ऊना 23.5
केलांग 4.0
सोलन 21.0
कांगड़ा 21.2
मंडी 19.0
चंबा 17.8
डलहौजी 12.1
जुब्बड़हट्टी 15.6
कुफरी 8.0
धौलाकुआं 21.5
बरठीं 20.8
समदो 7.0
कड़ाके की ठंड से कुल्लू में जाम होने लगे पेयजल स्रोत
वहीं, दिसंबर महीने में कड़ाके की ठंड के चलते कुल्लू में पेयजल स्रोत जाम होने लगे हैं। पेयजल स्रोत जाम होने से पेयजल योजनाओं की आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की 30 पेयजल योजनाओं पेजयल स्रोत जमने के कारण प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की इन पेयजल योजनाओं में सुबह के समय पानी की आपूर्ति ठप पड़ रही है। धूप लगने के बाद सप्लाई सुचारु हो रही है। पेयजल योजनाओं में पानी की आपूर्ति पर भी करीब 50 फीसदी तक असर पड़ा है। कुल्लू, मनाली, बंजार सहित अन्य इलाकों की ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल योजनाओं पर कड़ाके की ठंड के चलते असर हुआ है। जबकि पीज क्षेत्र के लिए पेयजल आपूर्ति में पानी कम रहा गया है। यहां पर लोगों को पेयजल को लेकर दिक्कतें आ रही हैं।
बाराहार-लोट पेयजल योजना का स्रोत में भी पानी जमने से दिक्कतें आ रही हैं। यहां पर पानी की समस्या को देखते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा भी किया है। वहीं अन्य क्षेत्रों में पेयजल स्रोत जमने से पानी की आपूर्ति 50 फीसदी तक कम हो गई है। हालांकि जल शक्ति विभाग की ओर से जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या रहेगी, वहां पेयजल की आपूर्ति को टैंकर से पूरा करने की योजना बनाई है। रात के समय पारा काफी लुढ़क रहा है। ऐसे में पानी की पाइपें और स्रोत जाम हो रहे हैं। मौसम के रूख को देखते हुए जल शक्ति विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर ने कहा कि पेयजल स्रोत जमने के कारण करीब 30 योजनाओं में पेयजल की आपूर्ति पर असर पड़ा है। इन पेयजल योजनाओं में पानी की आपूर्ति आधी रह गई है। उन्होंने कहा कि पीज-महाराजा क्षेत्र के लिए उठाऊ पेयजल को जल्द शुरू करने की योजना है, इससे क्षेत्र में दिक्कतें नहीं आएंगी।