Himachal Weather: हिमाचल में लगातार तीन दिन बरसेंगे बादल, माैसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
माैसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आज से लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिन बादल बरसेंगे। माैसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आज से लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी होगी। इस दाैरान कुछ भागों में भारी बारिश व ओलावृष्टि का येलो-ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। उधर, प्रदेश में सोमवार को मौसम के कई रंग दिखे। कुल्लू में बारिश हुई। रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी हुई और राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। दोपहर बाद कुल्लू में बारिश हुई। रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। लाहौल में हिमखंड गिरने के खतरे को लेकर प्रशासन ने एहतियात बरतने को कहा है। सोमवार को लाहौल के थेतुप कुरकुर (महाल बोक) में दोपहर बाद पहाड़ी से पत्थर गिरने से पर्यटक दंपती घायल हुआ है।
क्या है माैसम विभाग का पूर्वानुमान
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 6 से 9 अप्रैल के दौरान व्यापक वर्षा होने की संभावना है, जिसकी अधिकतम गतिविधि 8 अप्रैल को होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के कुछ हिस्सों में 6 से 8 अप्रैल के दौरान ओलावृष्टि होने की संभावना है। राज्य के ऊंचे पहाड़ी ज्यादातर हिस्सों और उनसे सटे मध्यम पहाड़ों पर 7 और 8 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की बहुत ज्यादा संभावना है। जबकि 6 तथा 9 अप्रैल कुछ जगहों पर भी ऐसी ही संभावना है। इसी तरह राज्य के निचले पहाड़ी-मैदानी इलाकों और मध्यम पहाड़ी ज्यादातर हिस्सों पर 7 और 8 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने की बहुत ज्यादा संभावना है। 6 तथा 9 अप्रैल इन भागों के कुछ क्षेत्रों पर भी ऐसी ही संभावना है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान दिन का तापमान लगभग 2-3 डिग्री बढ़ने की संभावना है, और उसके बाद इसमें 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं।
किस जिले के लिए काैन सा अलर्ट
7 और 8 अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और शिमला जिलों में और 7 अप्रैल को चंबा जिले में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 6 अप्रैल को कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है। 8 अप्रैल को शिमला जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश-बर्फबारी और सिरमौर, मंडी और सोलन में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं 7 और 8 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में कुछ जगहों पर तेज हवाओं (40-50, झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक) के साथ अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है। जबकि 6 और 9 अप्रैल को सिरमौर, शिमला, सोलन और मंडी जिलों में और 6 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में कुछ जगहों पर अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है।
क्षेत्र अधिकतम तापमान
ऊना 33.2
बरठीं 27.8
कांगड़ा 27.8
मंडी 26.8
धर्मशाला 25.0
सोलन 24.0
शिमला 18.5
मनाली 15.4
कल्पा 14.3