Himachal Tourism: पर्यटन विकास निगम अब कॉरपोरेट कंपनियों को देगा 40 फीसदी तक की छूट
पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) को घाटे से उबारने की रणनीति के तहत निगम प्रबंधन बड़े निजी होटल समूहों की तर्ज पर कॉरपोरेट पैकेज पर 40 फीसदी तक छूट देने का फैसला ले सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) को घाटे से उबारने की रणनीति के तहत निगम प्रबंधन बड़े निजी होटल समूहों की तर्ज पर कॉरपोरेट पैकेज पर 40 फीसदी तक छूट देने का फैसला ले सकता है। 5 नवंबर को एचपीटीडीसी की निदेशक मंडल की बैठक में इसे लेकर फैसला हो सकता है। हिमाचल के निजी होटल समूह कॉरपोरेट डिस्काउंट देकर सालाना करोड़ों का कारोबार कर रहे हैं। कॉरपोरेट डिस्काउंट का लाभ लेने के लिए बड़ी-बड़ी कंपनियां अपने कर्मियों को प्रदेश में चल रहे बड़े समूह के होटलों में ठहरा रही हैं।
कॉरपोरेट डिस्काउंट से कंपनी का खर्चा बच रहा है और निजी होटल समूह मुनाफा कमा रहे हैं। पर्यटन निगम की आय में बढ़ोतरी के लिए अब पर्यटन विकास निगम ने भी कॉरपोरेट पैकेज के तहत 40 फीसदी तक छूट देने का प्रस्ताव तैयार किया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सरकार के अधिकारियों को एचपीटीडीसी का घाटा कम करने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी तरुण श्रीधर की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन कर निगम को घाटे से उबारने का प्रयास किया है।
निगम के यह होटल हैं घाटे और फायदे में
होटल होलीडे होम शिमला, पैलेस होटल चायल, कुल्लू का नग्गर कैसल, मनाली का होटल कुंजम, राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला, क्यारीघाट स्थित होटल मेघदूत, बड़ोग का पाइनवुड, लॉग्स हट मनाली, टी-बड पालमपुर, होटल हमीर हमीरपुर, होटल रेणुका श्री रेणुका जी सहित अन्य होटल लाभ में चल रहे हैं। जबकि कुल्लू का होटल सरवरी, हिल टॉप स्वारघाट, सिल्वर मून कुल्लू, कुनाल होटल धर्मशाला, होटल सुकेत सुंदरनगर, होटल कश्मीर हाउस धर्मशाला, होटल लेक व्यू बिलासपुर, टूरिज्म इन रिवालसर, होटल गोल्फ ग्लेड नालदेहरा, होटल ज्वालाजी श्री ज्वालामुखी, विली पार्क शिमला (ये सामान्य प्रशासन विभाग की संपत्ति है), कैफे न्यूगल पालमपुर, होटल ममलेश्वर चिंडी सहित कुल 35 होटल घाटे में चल रहे हैं।
पर्यटन निगम के घाटे को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशों पर विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 5 नवंबर को होने वाली निदेशक मंडल की बैठक में विभिन्न प्रस्ताव स्वीकृति के लिए रखे जाएंगे। निजी होटल समूहों की तर्ज पर कॉरपोरेट डिस्काउंट देकर निगम के होटलों में ऑक्यूपैंसी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
- रघुवीर सिंह बाली, अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम